Delhi News : एक ही छत के नीचे स्थापित होंगे दिल्ली के सभी विभाग

0
84
Delhi News : एक ही छत के नीचे स्थापित होंगे दिल्ली के सभी विभाग
Delhi News : एक ही छत के नीचे स्थापित होंगे दिल्ली के सभी विभाग

दिल्ली में नया सचिवालय बनाएगी प्रदेश सरकार

Delhi News (आज समाज), नई दिल्ली। दिल्ली की सत्ता में जब से भाजपा की सरकार आई है तभी से वह कोशिश कर रही है कि दिल्ली के लोगों को ज्यादा से ज्यादा सुविधाओं का लाभ दिया जा सके। दिल्ली की वर्तमान सरकार का कहना है कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की सरकारों ने दिल्ली को विकास के मामले में कई दशक पीछे धकेल दिया है। इसी के चलते अब उसका फोकस दिल्ली की जनता को बदलाव दिखाना है।

इसी के चलते दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को कश्मीरी गेट स्थित महिला एवं बाल विकास विभाग परिसर से दिल्ली को कूड़े से आजादी अभियान की शुरुआत करते हुए कार्यालय की जर्जर स्थिति पर गहरी नाराजगी जताई। सीएम ने कहा कि यहां की हालत देखकर वह बेहद व्यथित हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब समय आ गया है जब दिल्ली के सभी विभागों के लिए एक नया, सुव्यवस्थित और एकीकृत सचिवालय बनाया जाए।

कार्यालय की छत से टपक रहा था पानी

इस कार्यालय की हालत देखकर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सोचकर आश्चर्य होता है कि जिन अधिकारियों पर दिल्ली की सुशासन व्यवस्था की जिम्मेदारी है, वे खुद इतनी बदहाल स्थिति में कैसे प्रभावी ढंग से काम कर सकते हैं? कार्यालय की छतों से पानी टपक रहा है, फर्नीचर जर्जर है, बैठने के लिए ठीक से कुर्सी नहीं, अलमारियां टूटी हुई हैं, और पंखों की स्थिति इतनी खराब है कि किसी भी समय गिर सकते हैं। उन्होंने इस बात पर चिंता जताई कि जिस बिल्डिंग में 2021 में आग लग चुकी है, वहां आज तक पूरी तरह मरम्मत तक नहीं हुई। उन्होंने कहा कि क्या हम अपने अधिकारियों को जान जोखिम में डालकर काम करने को मजबूर कर रहे हैं?

सीएम ने आप सरकार पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जो खुद को पढ़ी-लिखी सरकार कहते थे, वे अपने लिए आलीशान भवन बनाने में लगे रहे। लेकिन अधिकारियों के कामकाज के लिए जरूरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं करा सके। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि अपने कार्यालय पर 70 करोड़ रुपये खर्च करने वालों ने इन विभागों पर दो-चार करोड़ रुपए भी नहीं लगाए। रेखा गुप्ता ने कहा कि अब समय आ गया है जब दिल्ली के सभी विभागों के लिए एक नया, सुव्यवस्थित और एकीकृत सचिवालय बनाया जाए। हम आज से ही इस दिशा में कदम उठाएंगे, उपयुक्त स्थान की पहचान की जाएगी जहां नया दिल्ली सचिवालय स्थापित हो सके और सभी विभाग एक ही छत के नीचे कार्य कर सकें।