अमेरिकी राष्ट्रपति ने की आज से विशेष अभियान शुरू करने की घोषणा, ईरान को चेतावनी भी दी
West Asia Crisis Live (आज समाज), वॉशिंगटन : अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बाद ईरान ने मार्च के पहले सप्ताह से होर्मुज जलडमरूमध्य बंद करने का ऐलान कर दिया था। ईरान के इस ऐलान के बाद से इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से वाणिज्यिक जहाजों की आवाजाही बंद हो गई और पूरी दुनिया की सप्लाई चेन पर इसका नकारात्मक असर पड़ा। हालांकि इस बीच ईरान ने कुछ देशों के जहाजों को इससे गुजरने की परमिशन दे दी लेकिन फिर भी हजारों जहाज इस मार्ग पर अभी भी फंसे हुए हैं।
डोनाल्ड ट्रंप ने प्रोजेक्ट फ्रीडम किया लॉन्च
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे वाणिज्यिक जहाजों की मदद के लिए एक नई पहल की घोषणा की है। डोनाल्ड ट्रंप ने इसका नाम ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ रखा है। ट्रंप ने दावा किया है कि यह पहल दुनिया भर के उन देशों के लिए है, जिन्होंने अमेरिकी सहायता मांगी है ताकि वे इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से अपने जहाजों को सुरक्षित निकाल सकें। डोनाल्ड ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में बताया कि दुनिया भर के कई देशों ने अमेरिका से होर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे अपने जहाजों को सुरक्षित निकालने में मदद करने का अनुरोध किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ये देश पश्चिम एशिया में चल रहे विवाद में किसी भी तरह से शामिल नहीं हैं।
ट्रंप ने इसे मानवीय प्रयास बताया
ट्रंप ने इस पहल को एक मानवीय प्रयास बताया, जिसका उद्देश्य चालक दल और वाणिज्यिक शिपिंग की सुरक्षा करना है। उन्होंने कहा, “यह अमेरिका, पश्चिम एशियाई देशों और विशेष रूप से ईरान की ओर से एक मानवीय इशारा है। उन्होंने यह भी बताया कि कई जहाजों में भोजन और अन्य आवश्यक सामग्री की कमी हो रही है, जो बड़े चालक दल के सदस्यों के लिए स्वस्थ और स्वच्छ तरीके से वहां रहने के लिए जरूरी है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि ईरान, पश्चिम एशिया और अमेरिका के हित में, हमने इन देशों को सूचित किया है कि हम उनके जहाजों को इन प्रतिबंधित जलमार्गों से सुरक्षित रूप से बाहर निकालेंगे, ताकि वे स्वतंत्र रूप से अपना व्यवसाय कर सकें।
ये भी पढ़ें : Tamil Nadu Assembly Election Result : क्या विजय बदलने जा रहे तमिलनाडु की राजनीतिक तस्वीर


