Maglev Train: चीन में मैग्लेव ट्रेन का सफल परीक्षण, दो सेकेंड में 700 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड तक पहुंची

0
255
Maglev Train: चीन में मैग्लेव ट्रेन का सफल परीक्षण, दो सेकेंड में 700 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड तक पहुंची
Maglev Train: चीन में मैग्लेव ट्रेन का सफल परीक्षण, दो सेकेंड में 700 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड तक पहुंची

नेशनल यूनिवर्सिटी आॅफ डिफेंस टेक्नोलॉजी के वैज्ञानिकों तैसार की ट्रेन
Maglev Train, (आज समाज), बीजिंग: चीन की नेशनल यूनिवर्सिटी आॅफ डिफेंस टेक्नोलॉजी के वैज्ञानिकों ने ऐसी मैग्लेव ट्रेन का सफल परीक्षण किया है, जो सिर्फ दो सेकेंड में 700 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंच गई। करीब एक टन वजन वाली इस ट्रेन को 400 मीटर लंबे खास ट्रैक पर चलाया गया। वैज्ञानिकों का कहना है कि यह अब तक की सबसे तेज सुपरकंडक्टिंग इलेक्ट्रिक मैग्लेव ट्रेन है।

इंजीनियरों की टीम पिछले 10 साल से इस प्रोजेक्ट पर काम कर रही थी। इसी साल जनवरी में इसी ट्रैक पर ट्रेन को 648 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंचाया गया था, लेकिन अब 700 किमी प्रति घंटे का आंकड़ा पार कर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। वैज्ञानिकों का कहना है कि जिस ताकत से यह ट्रेन आगे बढ़ती है, उसी तकनीक का इस्तेमाल भविष्य में रॉकेट लॉन्च करने में भी किया जा सकता है।

पटरियों को नहीं छूती मैग्लेव ट्रेन

ट्रेन बिजली की चमक की तरह ट्रैक पर दौड़ती नजर आती है और पीछे हल्की सी धुंध छोड़ जाती है। मैग्लेव ट्रेन की खास बात यह है कि यह पटरियों को छूती ही नहीं है। इसमें लगे ताकतवर मैग्नेट ट्रेन को हवा में उठा देते हैं और आगे की ओर धक्का देते हैं। चूंकि पहियों और पटरी के बीच कोई संपर्क नहीं होता, इसलिए घर्षण नहीं बनता और ट्रेन बहुत ज्यादा तेज रफ्तार से चल सकती है।

सिर्फ तीन देशों में ही चल रही है मैग्लेव ट्रेन

दुनिया में अभी बहुत कम देश हैं जहां मैग्लेव ट्रेन चल रही है या उस पर काम हो रहा है। चीन इस तकनीक में सबसे आगे है। जापान में भी मैग्लेव तकनीक काफी विकसित है। वहां टेस्ट ट्रैक पर ट्रेन 600 किमी प्रति घंटे से ज्यादा की स्पीड तक पहुंच चुकी है।

टोक्यो और नागोया के बीच मैग्लेव लाइन बनाई जा रही है, हालांकि अभी यह आम यात्रियों के लिए पूरी तरह शुरू नहीं हुई है। दक्षिण कोरिया में इंचियोन एयरपोर्ट के पास एक मैग्लेव ट्रेन चलती है, जो कम दूरी के सफर के लिए इस्तेमाल होती है। जर्मनी और ब्रिटेन ने सबसे पहले इस तकनीक पर काम किया था, लेकिन आज वहां मैग्लेव ट्रेनें नहीं चलतीं।

भारत की सबसे तेज ट्रेन 180 किमी की स्पीड से चलती है

अभी भारत में जो ट्रेन सबसे तेज चलती है, वह वंदे भारत एक्सप्रेस है। यह आधुनिक ट्रेन है और इसकी अधिकतम रफ्तार करीब 180 किलोमीटर प्रति घंटा तक है। रोजमर्रा की यात्रा में यह देश की सबसे तेज मानी जाती है। आने वाले समय में भारत में सबसे तेज ट्रेन बुलेट ट्रेन होगी। मुंबई से अहमदाबाद के बीच इसके लिए काम चल रहा है। इसके शुरू होने के बाद यह ट्रेन करीब 320 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी।

ये भी पढ़ें: विदेश नीति भाजपा या कांग्रेस की नहीं, देश की होती है, प्रधानमंत्री का हारना भारत के हारने जैसा: शशि थरूर

  • TAGS
  • [post_tags]