Sarabjit Kaur: पाकिस्तान गई पंजाबी महिला सरबजीत कौर को गिरफ्तार

0
351
Sarabjit Kaur: पाकिस्तान गई पंजाबी महिला सरबजीत कौर को गिरफ्तार
Sarabjit Kaur: पाकिस्तान गई पंजाबी महिला सरबजीत कौर को गिरफ्तार

अटारी बॉर्डर के रास्ते आज भारत डिपोर्ट किया जा सकता है
Sarabjit Kaur, (आज समाज), अमृतसर: 4 नवंबर 2025 को श्री गुरुनानक देव जी के प्रकाश पर्व पर सिख श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ पाकिस्तान गई महिला सरबजीत कौर को गिरफ्तार कर लिया गया है। सरबजीत कौर ने पाकिस्तानी व्यक्ति नासिर हुसैन से निकाह कर लिया था। निकाह के लिए सरबजीत ने मुस्लिम धर्म अपनाकर अपना नाम भी नूर हुसैन रख लिया था। सरबजीत के साथ उसके पाकिस्तानी पति नासिर हुसैन को भी हिरासत में लिया गया है। सरबजीत को पाकिस्तान से अटारी बॉर्डर के रास्ते आज ही भारत डिपोर्ट किया जा सकता है।

पाकिस्तान शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और पाकिस्तानी पंजाब सरकार के मंत्री रमेश सिंह अरोड़ा ने सरबजीत की गिरफ्तारी की पुष्टि की। अरोड़ा ने कहा- 4 जनवरी 2026 को ननकाना साहिब के गांव पेहरे वाली में इंटेलिजेंस ब्यूरो और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। अब पाकिस्तान सरकार, सरबजीत को भारत डिपोर्ट करने की तैयारी में है।

1923 श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ अमृतसर से अटारी बॉर्डर के जरिए पाकिस्तान गई थी सरबजीत कौर

सरबजीत कौर 4 नवंबर को श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर 1923 श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ अमृतसर से अटारी बॉर्डर के जरिए पाकिस्तान गई थी। यह सिख जत्था 10 दिन तक पाकिस्तान में रहा। जहां उन्होंने सिख गुरुओं से जुड़े विभिन्न स्थलों के दर्शन किए और 13 नवंबर को भारत वापस लौट आए। पूरे सिख जत्थे के एक साथ भारत लौटने से पहले अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज और 3 महिलाओं समेत कुल 9 श्रद्धालु पहले लौट आए थे।

सिख श्रद्धालुओं के साथ वापस नहीं लौटी

हालांकि जब श्रद्धालुओं का पूरा जत्था वापस लौटा तो 1923 की जगह 1922 लोग ही वापस पहुंचे। जब इसकी जांच हुई तो पता चला कि जत्थे के साथ गई कपूरथला की सरबजीत कौर वापस नहीं आई है। उसका नाम न तो पाकिस्तान के एग्जिट रिकॉर्ड में था और न ही भारत के एंट्री रिकॉर्ड में मिला। पहले माना गया कि वह लापता है। इसके बाद उसके बारे में पाकिस्तान में भी लोकल पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने भी उसकी तलाश शुरू कर दी।

निकाहनामा और वीडियो वायरल होने से पता चला

इसके बाद अचानक उर्दू में लिखा सरबजीत का निकाहनामा वायरल हो गया। जिसमें लिखा था कि सरबजीत ने पाकिस्तान में इस्लाम धर्म अपना लिया है। उसने शेखुपुरा नूर हुसैन नाम के मुस्लिम व्यक्ति से निकाह कर लिया है। इसके बाद 15 नवंबर को उसका एक वीडियो भी वायरल हो गया। जिसमें उसने मौलवी को कहा कि वह मुस्लिम बनना चाहती है। सरबजीत ने कहा कि वह नासिर से प्यार करती है और 9 साल से उसे जानती है। सरबजीत ने यह भी कहा था कि मेरा तलाक हो चुका है।

ये भी पढ़ें: दिल्ली दंगों के आरोपी उमर खालिद और शरजील इमाम को नहीं मिली जमानत

  • TAGS
  • [post_tags]