
1 महीने पहले भी पुलिस कर्मियों ने की थी मारपीट
Khyber Pakhtunkhwa CM, (आज समाज), नई दिल्ली: पाकिस्तान की पंजाब विधानसभा में खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी के साथ सुरक्षाकर्मियों द्वारा मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। घटना गत दिवस यानी की शुक्रवार की है। आज घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि मुख्यमंत्री अफरीदी अपने प्रतिनिधियों के साथ पंजाब असेंबली में घुस रहे हैं, इस दौरान सुरक्षाकर्मी उन्हें रोकने की कोशिश करते हैं, तभी उनके साथी फतेह उल्लाह बुर्की बीच में आ जाते हैं।
इसके बाद अफरीदी ने बयान जारी कर कहा, कोई भी लोकतांत्रिक सरकार ऐसा काम नहीं करती है, यह सीधे-सीधे मार्शल लॉ जैसा व्यवहार है। पाकिस्तान में लोकतंत्र खतरे में है। इस दौरान उनके प्रतिनिधियों के साथ भी बदसलूकी की गई। पाकिस्तानी अधिकारियों के मुताबिक इस दौरान किसी को कोई चोट नहीं आई है।
पंजाब में एक नकली सरकार
पाकिस्तान के पंजाब में मुस्लिम लीग नून की सरकार है और नवाज शरीफ की बेटी मरियम नवाज मुख्यमंत्री हैं। वहीं, केपी के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ से हैं। घटना के बाद अफरीदी ने मीडिया से कहा कि लाहौर में हमारे कार्यकर्ताओं के साथ बुरा व्यवहार और उत्पीड़न किया जा रहा है। उनका कहना था कि पंजाब में एक नकली सरकार है, जो सिर्फ एक पार्टी को डराने और धमकाने में लगी है।
कुछ कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया
उन्होंने बताया कि चक्री और मंडी बहाउद्दीन में हमारे कार्यकर्ताओं के रास्ते रोके गए। उनके वाहन रोक दिए गए। कुछ कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया और सांसदों के साथ भी बदसलूकी हुई। आपको बता दें कि इससे पहले भी रावलपिंडी पुलिस ने 28 नवंबर को अफरीदी के बाल खींचे और उन्हें जमीन पर गिरा दिया था। अफरीदी 1 महीने पहले 28 नवंबर को रावलपिंडी की अडियाला जेल में इमरान से मिलने गए थे, तब भी पुलिस ने उनके साथ मारपीट की थी।
ये भी पढ़ें: विदेश नीति भाजपा या कांग्रेस की नहीं, देश की होती है, प्रधानमंत्री का हारना भारत के हारने जैसा: शशि थरूर

