465 में से 274 से 328 सीटें मिलने की उम्मीद
Japan Election, (आज समाज), नई दिल्ली: जापान में रविवार को आम चुनाव के लिए वोटिंग पूरी हो गई है। प्रधानमंत्री साने ताकाइची की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी को बड़ी जीत मिलती दिख रही है। सरकारी ब्रॉडकास्टर एनएचके के एग्जिट पोल के मुताबिक एलडीपी को निचले सदन की 465 में से 274 से 328 सीटें मिल सकती हैं, जो बहुमत के लिए जरूरी 233 सीटों से काफी ज्यादा हैं। एलडीपी के नेतृत्व वाला गठबंधन सहयोगी जापान इनोवेशन पार्टी (इशिन) के साथ मिलकर 366 सीटें जीत सकता है।
पीएल बोली- हारी तो इस्तीफा दे दूंगी
फिलहाल गठबंधन के पास 233 सीटें हैं, और अगर यह 310 सीटें जीत लेता है तो ऊपरी सदन में विपक्ष के नियंत्रण के बावजूद कानून पास करने की ताकत मिल जाएगी। ताकाइची ने कहा है कि अगर गठबंधन बहुमत खो देता है तो वह इस्तीफा दे देंगी। दूसरी ओर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प भी ताकाइची को समर्थन जता चुके हैं।
ट्रम्प ने कहा था, तकाइची शक्तिशाली और बुद्धिमान नेता
डोनाल्ड ट्रम्प ने 5 फरवरी को एक पोस्ट में साने ताकाइची को पूर्ण समर्थन दिया है। उन्होंने तकाइची को मजबूत, शक्तिशाली और बुद्धिमान नेता कहा, जो अपने देश से सच्चा प्यार करती हैं और जापान के लोगों को निराश नहीं करेंगी। ट्रम्प ने बताया कि वह 19 मार्च 2026 को व्हाइट हाउस में ताकाइची से मुलाकात करेंगे। यह समर्थन जापान के 8 फरवरी 2026 के चुनाव से ठीक दो दिन पहले आया है। यह पहली बार है जब किसी अमेरिकी राष्ट्रपति ने जापान के किसी नेता को चुनाव में खुलकर समर्थन दिया है।
चीन के खिलाफ मजबूत रुख अपनाते हुए सैन्य खर्च बढ़ाया
ताकाइची ने चीन के खिलाफ मजबूत रुख अपनाते हुए सैन्य खर्च बढ़ाया है, आर्थिक पैकेज और टैक्स कटौती की घोषणा की है। उन्होंने खाद्य पदार्थों पर 8% सेल्स टैक्स को दो साल के लिए निलंबित करने का वादा किया है ताकि बढ़ती महंगाई से लोगों को राहत मिले। रणनीतिक सलाहकार कंपनी एफजीएस ग्लोबल के मैनेजिंग डायरेक्टर सेइजी इनाडा के मुताबिक, अगर ताकाइची बड़ी जीत दर्ज करती हैं, तो उन्हें टैक्स में कटौती जैसे अहम फैसलों को लागू करने की आजादी मिलेगी।
सोशल मीडिया पर ताकाइची के पक्ष में रुझान
सोशल मीडिया पर साने ताकाइची को लेकर सानाकात्सु नाम का ट्रेंड भी चर्चा में है। इसमें उनके इस्तेमाल किए गए सामान, जैसे हैंडबैग और संसद में इस्तेमाल किया जाने वाला गुलाबी पेन, युवाओं के बीच लोकप्रिय हो गए हैं। एक हालिया सर्वे में 30 साल से कम उम्र के 90% से ज्यादा मतदाताओं ने ताकाइची के पक्ष में रुझान दिखाया, हालांकि यह वर्ग आमतौर पर कम मतदान करता है।
ये भी पढ़ें: भारत-मलेशिया के बीच कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर


