
सरकार ने जारी की अधिसूचना
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा में विभिन्न विभागों में कॉन्ट्रैक्ट पर कार्यरत महिलाओं के लिए अच्छी खबर है। हरियाणा सरकार ने इन महिला कर्मचारियों को मिलने वाली कैजुअल लीव (सीएल) में वृद्धि कर दी है। अब इन महिला कर्मचारियों को प्रत्येक माह 2 एक्स्ट्रा कैजुअल लीव मिलेंगी। इन महिला कर्मचारियों को पहले साल में सिर्फ 10 सीएल मिलती थीं, अब सरकार ने इन्हें बढ़ाकर 22 कर दिया है। मानव संसाधन विभाग ने इसे लेकर नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। यह छुट्टियां पहले से मिल रही 10 दिन की मेडिकल लीव के अतिरिक्त होंगी। यह आदेश हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत तैनात सभी महिला कर्मचारियों पर लागू होगा।
38,700 के करीब महिला कर्मचारियों की संख्या
विभिन्न सरकारी विभागों में 2.7 लाख नियमित कर्मचारियों के साथ-साथ लगभग 1.28 लाख कांट्रेक्चुअल कर्मचारी कार्यरत हैं। कुल कांट्रेक्चुअल कर्मचारियों में 38,700 के करीब महिला कर्मचारियों की संख्या है।
छुट्टी वाले दिन काम करने के बदले मिलेगा अवकाश
इससे पहले 2 जुलाई को हरियाणा सरकार ने ग्रुप-सी और डी के नियमित कर्मचारियों को राहत दी थी। नए आदेश के मुताबिक कोई कर्मचारी छुट्टी वाले दिन (जैसे रविवार या राष्ट्रीय अवकाश) ड्यूटी पर जाता है, तो वह अगले एक महीने के भीतर मनचाहे किसी भी दिन कॉम्प आॅफ (छुट्टी) ले सकेगा। यह कॉम्प आॅफ संबंधित छुट्टियों और स्टेशन लीव के साथ भी लिया जा सकता है। किसी भी हालत में कॉम्प आॅफ कुल 16 दिनों से ज्यादा नहीं मिलेंगे। एक महीने में कॉम्प आॅफ नहीं लिया तो वह एक्सपायर हो जाएगा। इसके साथ अगर उस दिन के बदले में पैसे (वित्तीय प्रोत्साहन) दिए जा चुके हैं या दिए जाने वाले हैं, तो कॉम्प आॅफ नहीं मिलेगा।
नियमित महिला कर्मचारियों को मिलेंगी 25 कैजुअल लीव
30 जून से पहले नियुक्त होने वाली नियमित महिला कर्मचारियों को अब 20 के स्थान पर 25 और पुरुष कर्मचारियों को 10 कैजुअल लीव मिलेंगी। 30 जून से 30 सितंबर के बीच नियुक्त होने वाली महिला कर्मचारियों को 12 और पुरुष कर्मचारियों को 5 कैजुअल लीव मिलेंगी। वहीं, 30 सितंबर के बाद नियुक्त होने वाली महिला कर्मचारियों को 6 और पुरुष कर्मचारियों को 2 कैजुअल लीव मिलेंगी। इसके अलावा, 30 नवंबर के बाद नियुक्त होने वाली महिला कर्मचारियों को 3, जबकि पुरुष कर्मचारियों को एक कैजुअल लीव मिलेगी।