राहत के साथ बीता पूरा मई, एक दिन भी नहीं चली लू, इस बार नौतपा भी रहा बेअसर
Delhi Weather Update (आज समाज), नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में इस साल मई माह लोगों पर मेहरबान रहा। जहां महीने की शुरुआत बारिश और तेज हवाओं के साथ हुई वहीं अंत भी हल्की फुहारों और तेज हवाओं के साथ हुआ। इस बार पूरे महीने में एक दिन भी लू नहीं चली और तापमान भी लगभग सामान्य के आसपास रहा। हालांकि पहले संभावना जताई जा रही थी कि इस साल मई में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ सकती है लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ यहां तक की नौतपा भी अभी तक बेअसर ही रहा है और दिल्ली वासियों को गर्मी से राहत ही मिली है।
इस तरह रहेगा आने वाले दिनों में मौसम
मौसम विभाग ने 4 जून तक बारिश की संभावना जताई है। वहीं, आज आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इसके साथ ही आज राजधानी में तेज हवाएं चल सकती हैं जिनकी स्पीड 40-50 किमी प्रति घंटा की गति के साथ अस्थाई रूप से 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच जाएगी। ऐसे में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 38 और 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर के ऊपर समुद्र तल से 3.1 किमी ऊपर एक ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण के रूप में बना हुआ है, जिसमें मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल में एक गर्त है, जिसकी धुरी समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर है।
दिल्ली का यह एरिया रहा सबसे ज्यादा गर्म
आया नगर में सबसे अधिक तापमान रहा। यहां अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोधी रोड में 39.4, पालम में 39.1 और रिज में 38.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। साथ ही, न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस कम के साथ 25.8 डिग्री दर्ज किया गया। रिज में न्यूनतम तापमान अन्य केंद्र के मुताबिक सबसे कम रहा। यहां न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
देश में समय से पहले पहुंचा मानसून
वहीं मौसम विभाग ने बुलेटिन जारी करके कहा है कि मानसून ने केरल में दस्तक दे दी है। आम तौर पर जहां मानसून एक जून के आसपास केरल पहुंचता है वह आठ दिन पहले ही केरल पहुंच गया है। इसके साथ ही मुंबई सहित देश के तटीय प्रदेशों में जोरदार बारिश का दौर चल रहा है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि इस बार देश में सामान्य से ज्यादा बारिश होने की संभावना है।
ये भी पढ़ें : Delhi Corona Update : कोरोना से दिल्ली में तीन मौत, तेजी से फैल रहा वायरस