Delhi News Update : दिल्ली को फिर से हरा-भरा बनाएंगे : सीएम

0
96
Delhi News Update : दिल्ली को फिर से हरा-भरा बनाएंगे : सीएम
Delhi News Update : दिल्ली को फिर से हरा-भरा बनाएंगे : सीएम

कहा, प्रदूषण से स्थाई बचाव के लिए इस साल 70 लाख पौधे लगाए जाएंगे

Delhi News Update (आज समाज), नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण एक ऐसी समस्या है जो पिछले कई दशकों से ज्यों की त्यों बनी हुई है। इतना ही नहीं यह हर रोज गंभीर होती जा रही है। हर बार चुनाव के दौरान यह मुख्य मुद्दा भी बनता है लेकिन अब दिल्ली सरकार ने इसके स्थाई समाधान का हल खोज निकाला है। राजधानी दिल्ली के हरित क्षेत्र को बढ़ाने के लिए वर्तमान भाजपा सरकार ने प्रयास शुरू कर दिए हैं। इस अभियान की शुरूआत करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली के नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों, मोहल्लों, स्कूलों, कार्यालयों और सामुदायिक स्थलों पर अधिक से अधिक पौधे लगाएं।

पर्यावरण की सुरक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं

मुख्यमंत्री के अनुसार दिल्ली का पर्यावरण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक की साझी जवाबदेही है। पर्यावरण से जुड़े इस कार्यक्रम में पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, नई दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज व अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए एक पेड़ मां के नाम अभियान की भावना को आत्मसात करते हुए अपनी माताजी के नाम पर एक पौधा रोपित किया।

पिछली सरकारों ने पौधरोपण पर नहीं दिया ध्यान

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज वन महोत्सव के रूप में दिल्ली में एक नया अध्याय जुड़ रहा है। एक पेड़ मां के नाम 2.0 अभियान जैसे कार्यक्रमों में पिछली सरकारों ने न तो कभी भागीदारी दिखाई और न ही कभी दिल्ली के पर्यावरण की चिंता की। उन्होंने पौधरोपण जैसे महत्वपूर्ण अभियान को लंबे समय तक उपेक्षित रखा। लेकिन मुझे संतोष है कि वर्ष 2025 में दिल्ली सरकार द्वारा आयोजित यह वन महोत्सव हर नागरिक की भागीदारी को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पेड़ सिर्फ पर्यावरण को स्वच्छ बनाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए शुद्ध वायु प्रदान करने वाले जीवंत संरक्षक हैं। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार ने इस वर्ष 70 लाख से अधिक पौधे लगाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया है।

ये भी पढ़ें : Delhi Breaking News : दिल्ली के केशवपुरम में मामूली बात पर युवक को उतारा मौत के घाट