Chandigarh News : पंजाब के जल संसाधनों की रक्षा के लिए हम प्रतिबद्ध : मान

0
135
Chandigarh News : पंजाब के जल संसाधनों की रक्षा के लिए हम प्रतिबद्ध : मान
Chandigarh News : पंजाब के जल संसाधनों की रक्षा के लिए हम प्रतिबद्ध : मान

कहा, प्रदेश के जल संसाधन बचाने के लिए करोड़ों रुपए की परियोजनाएं निर्माणाधीन

Chandigarh News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य के जल संसाधनों की रक्षा के लिए हर मोर्चे पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपए के विकास परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं ताकि श्री गुरु नानक देव जी की चरण-छोह प्राप्त पवित्र नगरी सुल्तानपुर लोधी के व्यापक विकास को सुनिश्चित किया जा सके। भगवंत सिंह मान ने आश्वासन दिया कि इन परियोजनाओं को जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।

बेअदबी की घटनाओं को रोकने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते दिन सरकार ने विधानसभा में पंजाब पवित्र ग्रंथों के खिलाफ अपराधों की रोकथाम बिल-2025 पेश किया है। उन्होंने कहा कि बेअदबी जैसी संवेदनशील घटनाएं पंजाबियों के दिलों को गहरे तक आहत करती हैं और इन मामलों का हमारी वर्तमान और आगामी पीढ़ियों पर बड़ा प्रभाव पड़ता है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि ऐसे घृणित अपराधों को रोकने के लिए कठोर सजा का प्रावधान करना आवश्यक है।

पंजाब को महान आत्माओं का आर्शीवाद प्राप्त

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब महान गुरुओं, संतों-महापुरुषों और पीरों-पैगंबरों की पवित्र धरती है, जिन्होंने प्रेम, सद्भावना और सहनशीलता का संदेश दिया। हालांकि, उन्होंने अफसोस जताया कि कुछ पंजाब विरोधी ताकतें 2016 से पवित्र ग्रंथों के खिलाफ बेअदबी की घटनाओं को अंजाम देकर सांझीवालता के ताने-बाने को तोड़ने की नीच कोशिशें कर रही हैं। भगवंत सिंह मान ने ऐसे कृत्यों में शामिल दोषियों के लिए कठोर सजा सुनिश्चित करने के लिए अपनी सरकार के दृढ़ संकल्प को दोहराया।

नशे को प्रदेश से हर हाल में खत्म करेंगे

नशे के मुद्दे पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे की समस्या ने लंबे समय से पंजाब की छवि को धूमिल किया है। उन्होंने कहा कि इस अभिशाप का मुकाबला करने के लिए राज्य सरकार ने बहुआयामी दृष्टिकोण अपनाया है, जिसमें नशे की आपूर्ति श्रृंखला को तोड़ना, मुख्य अपराधियों को गिरफ्तार करना, पीड़ितों का पुनर्वास करना और नशा तस्करों की संपत्तियों को जब्त करना व नष्ट करना शामिल है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य ने नशे के खात्मे के लिए ह्ययुद्ध नशे के विरुद्धह्ण शुरू किया है, जिसके हिस्से के रूप में गांवों की पंचायतें अपने गांवों को नशा मुक्त घोषित करने के लिए प्रस्ताव पारित कर रही हैं।

ये भी पढ़ें : Punjab News : पंजाब में घटा बासमती का रोपाई एरिया