US Tariff On India : अमेरिका का नहीं अपना फायदा देख रहे ट्रंप : सुलिवन

0
99
US Tariff On India : अमेरिका का नहीं अपना फायदा देख रहे ट्रंप : सुलिवन
US Tariff On India : अमेरिका का नहीं अपना फायदा देख रहे ट्रंप : सुलिवन

भारत के खिलाफ लगाए उच्च टैरिफ को बताया गलत, कहा पाकिस्तान के साथ अपने फायदे के लिए जुड़े डोनाल्ड ट्रंप

US Tariff On India (आज समाज), बिजनेस डेस्क : पिछले कुछ समय से एक तरफ जहां अमेरिकी राष्टÑपति भारत के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार कर चुके हैं। वे भारत पर टैरिफ के रूप में आर्थिक बोझ बढ़ा रहे हैं वहीं उनका रवैया भारत के पड़ोसी देशों पाकिस्तान और चीन के प्रति काफी नरम है।

ट्रंप ने एक तरफ जहां भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया है वहीं पाकिस्तान को न केवल इसमें छूट दी है बल्कि अरबों डॉलर की परियोजनाएं चलाने का वादा भी किया है जिससे पाकिस्तान को आर्थिक रूप से मदद मिलेगी। वहीं भारत के खिलाफ ट्रंप की रवैये की न केवल भारत बल्कि अमेरिका में भी आलोचना हो रही है। इसी आलोचना में नया नाम अमेरिका के पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन का शामिल हो चुका है। सुलिवन ने राष्ट्रपति ट्रम्प पर देश की बजाय अपना फायदा देखने का आरोप लगाया है।

पाकिस्तान में फैमिली बिजनेस बड़ा रहे ट्रंप

जेक सुलिवन ने एक इंटरव्यू में कहा कि ट्रम्प ने पाकिस्तान से फैमिली बिजनेस के लिए भारत के साथ अमेरिका के रिश्तों को खराब किया है। सुलिवन ने कहा कि ट्रम्प के फैसले का नुकसान पूरे देश को भुगतना होगा। उन्होंने कहा कि ट्रम्प ने अपने निजी फायदे के लिए भारत-पाकिस्तान संघर्ष रुकवाने का दावा किया। ये ट्रम्प की विदेश नीति का वो पहलू है जिसे अभी तक नहीं उठाया गया।

अमेरिका की विदेश नीति दरकिनार कर रहे ट्रम्प

उन्होंने कहा कि ट्रम्प, अमेरिका की विदेश नीति से अलग हटकर पाकिस्तान और सेना प्रमुख आसिम मुनीर को खुश करने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि अमेरिका हमेशा से भारत के साथ अच्छे रिश्ते रखना चाहता है। भारत से अच्छे रिश्ते बनाने में अमेरिका को फायदा है। जेक सुलिवन ने कहा कि अमेरिका कई सालों से भारत के साथ अपने रिश्ते मजबूत करने की कोशिश करता रहा है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और अमेरिका को उसके साथ तकनीक, टैलेंट, आर्थिक मामलों और दूसरे कई मुद्दों पर मिलकर काम करना चाहिए। इसके साथ ही चीन के रणनीतिक खतरों से निपटने के लिए भी भारत के साथ साझेदारी जरूरी है।

ट्रम्प का यह कदम रणनीतिक नुकसान

सुलिवन ने कहा कि भारत के साथ संबंधों को खत्म करने का ट्रम्प का कदम अपने आप में एक बहुत बड़ा रणनीतिक नुकसान है, क्योंकि एक मजबूत अमेरिका-भारत संबंध हमारे हितों की पूर्ति करता है। उन्होंने कहा कि अब दुनिया का कोई भी देश अमेरिका पर निर्भर नहीं रह सकता और स्थिति को देखेगा।

ये भी पढ़ें : India-EU Trade Deal : भारत-ईयू एफटीए जल्द होगा : जोहान वेडफुल