Delhi Weather Update : प्रचंड गर्मी ने छुड़ाए दिल्लीवासियों के पसीने

0
66
Delhi Weather Update : प्रचंड गर्मी ने छुड़ाए दिल्लीवासियों के पसीने
Delhi Weather Update : प्रचंड गर्मी ने छुड़ाए दिल्लीवासियों के पसीने

आज से दिखाई दे सकता है पश्चिमी विक्षोभ का असर

Delhi Weather Update (आज समाज), नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में अब गर्मी अपने प्रचंड रूप में है। आसमान साफ होने से सुबह ही सूर्य देव पूरे ताप में नजर आने लगते हैं। जैसे-जैसे दिन का समय आगे बढ़ता है तापमान चढ़ने लगता है। दोपहर एक बजे के बाद तो ऐसा प्रतीत हो रहा है जैसे आसमान से आग बरस रही हो। मौसम विभाग के अनुसार चाहे राजधानी का तापमान 42 डिग्री के आसपास है लेकिन हीट इंडेक्स इससे छह डिग्री ज्यादा गर्मी दर्शा रहा है। जिससे साफ है कि दिल्ली के लोग वर्तमान में 50 डिग्री तापमान के आसपास की गर्मी में दिन व्यतीत कर रहे हैं।

मंगलवार को सामान्य से अधिक रहा तापमान

इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस अधिक के साथ 41.8 डिग्री दर्ज किया गया। कुछ इलाकों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। बीते 24 घंटे में हवा में नमी का अधिकतम स्तर 70 फीसदी रहा। मौसम विभाग के अनुसार, मई के मौसम में एक नए पश्चिमी विक्षोभ का असर बुधवार से देखने को मिलेगा। एनसीआर में अगले एक सप्ताह तक हर रोज बादल छाने, तेज हवा चलने और हल्की वर्षा होने का पूवार्नुमान है। इसके चलते हाल फिलहाल लू चलने की तो कोई संभावना नहीं है, तापमान भी 40 डिग्री से नीचे ही रहेगा।

वहीं, मौसम विभाग का पूवार्नुमान है कि 22 मई तक बारिश की संभावना है। इस दौरान आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश के साथ तेज हवा 30-40 किमी प्रति घंटे की गति से चलने की संभावना है, जो गरज के साथ अस्थायी रूप से 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे में न्यूनतम तापमान में कमी आएगी। पारा गिरकर 38 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है।

दिल्ली का यह एरिया रहा सबसे गर्म

पालम में सबसे अधिक तापमान रहा। यहां अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आया नगर में 42.2, रिज में 41.7 और लोधी रोड में 40.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। साथ ही, न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस अधिक के साथ 28.7 डिग्री दर्ज किया गया। रिज में न्यूनतम तापमान अन्य केंद्र के मुताबिक सबसे कम रहा। यहां न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लोधी रोड में 27.6, आया नगर में 28.0, और पालम में 27.0 डिग्री दर्ज हुआ।

इस बार समय से पहले मानसून आने की उम्मीद

भारतीय मौसम विभाग ने इस बार समय से पहले मानसून के देश में दस्तक देने की संभावना जताई है। मौसम विभाग का कहना है कि अक्सर हर साल जहां एक जून को मानसून केरल के तट से टकराता है वहीं इस बार 27 मई को उसके केरल तट से टकराने की उम्मीद है। वहीं इस बार देश में मानसून के दौरान सामान्य बारिश होने की संभावना जताई गई है।