
आज जारी होगा चुनाव का शेड्यूल
Haryana BJP President Election, (आज समाज), चंडीगढ़: हरियाणा भाजपा प्रधान के नाम का ऐलान सोमवार तक हो जाएगा। आज हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए केंद्रीय नेतृत्व की ओर से पर्यवेक्षक के साथ चुनाव का शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा। सोमवार तक चयन की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी और नए प्रदेश अध्यक्ष के लिए नाम का ऐलान किया जाएगा। प्रदेशाध्यक्ष पद पर बड़ौली का रिपीट होना तय माना जा रहा है। इसके लिए केंद्रीय नेतृत्व भी हरी झंडी दे चुका है।
हालांकि इनके अलावा पार्टी के कई बड़े चेहरे अध्यक्ष की कुर्सी के लिए दावेदार माने जा रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि शुक्रवार को दिल्ली में केंद्र के नेता के साथ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली की मुलाकात हुई है। रात 11.30 बजे से 12.00 बजे तक ये मीटिंग हुई, जिसके बाद आज चुनाव के नोटिफिकेशन के साथ ही सोमवार को चुनाव कराने पर फैसला किया गया।
केंद्रीय पर्यवेक्षक की हो चुकी नियुक्ति
सोमवार को पर्यवेक्षक के सामने प्रदेश अध्यक्ष के दावेदार चेहरे नॉमिनेशन करेंगे और फिर एक नाम फाइनल किया जाएगा। बीजेपी ने राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह को प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया जा चुका है। अब प्रदेश पर्यवेक्षक के नाम का ऐलान होना है।
नोटिफिकेशन जारी होने के बाद अध्यक्ष बनने के इच्छुक नेता करेंगे आवेदन
अब पार्टी की ओर से चुनाव का शेड्यूल जारी किया जाएगा। इस शेड्यूल में आवेदन की डेट के साथ ही वोटिंग और रिजल्ट घोषित किए जाने की तारीख का ऐलान किया जाएगा। नोटिफिकेशन जारी होने के बाद अध्यक्ष बनने के इच्छुक नेताओं को आवेदन करने का मौका दिया जाएगा। आवेदन के बाद उसी दिन नामांकन-पत्रों की छंटनी होगी। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद अगले दिन अरुण सिंह की अध्यक्षता में बैठक होगी और उसमें प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान कर दिया जाएगा।
27 जिलाध्यक्ष व 90 हलका अध्यक्ष करेंगे वोटिंग
हरियाणा के भाजपा संगठन में प्रदेश अध्यक्ष पद के चयन के लिए कुल 117 वोटर हैं। इनमें सभी 27 जिलाध्यक्षों को मतदान करने का अधिकार प्राप्त है। इसी तरह सभी 90 हलका अध्यक्ष भी प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव में मतदाता की भूमिका में होंगे। प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया को अंतिम रूप देने के लिए इन सभी मतदाताओं को रोहतक या पंचकूला स्थित भाजपा के राज्य कार्यालयों में बुलाया जा सकता है।
बडौली के अलावा ये नेता भी अध्यक्ष पद की दौड़ में
वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के अलावा करनाल से पूर्व सांसद संजय भाटिया भी हरियाणा भाजपा अध्यक्ष पद की रेस में शामिल है। वहीं अंबाला सिटी से पूर्व विधायक असीम गोयल, पार्टी का बड़ा दलित चेहरा, सुदेश कटारिया और अजय गौड़ भी प्रदेश अध्यक्ष बनने की दौड़ में शामिल है।
ये भी पढ़ें: सोनीपत के युवक की किडनैपिंग के बाद हत्या, किडनैपरों ने कहा था- यो कबूतर म्हारे धोरे है, 25 लाख त्यार कर ल्यो

