Share Market Update : नहीं थम रही शेयर बाजार में गिरावट, 5वें दिन भी लुढ़का बाजार

0
69
Share Market Update : नहीं थम रही शेयर बाजार में गिरावट, 5वें दिन भी लुढ़का बाजार
Share Market Update : नहीं थम रही शेयर बाजार में गिरावट, 5वें दिन भी लुढ़का बाजार

विदेशी निवेशकों द्वारा की जा रही निकासी के चलते सेंसेक्स 555.95 व निफ्टी 166.05 अंक टूटा

Share Market Update (आज समाज), बिजनेस डेस्क : एशियाई और यूरोपीय बाजारों में गिरावट का असर कहें या फिर एच1 बी वीजा संबंधी अमेरिका की नई पॉलिसी। कारण जो भी हो लेकिन भारतीय शेयर बाजार लगातार पांचवें दिन भी पूरा दिन गिरावट में काम करता रहा। विशेषज्ञों का कहना है कि भारतीय शेयर बाजार में इस गिरावट के पीछे विदेशी पूंजी की लगातार निकासी और अमेरिकी एच-1बी वीजा पर शुल्क लगाना बड़ी वजह है।

गुरुवार को इतना टूटा शेयर बाजार

सेंसेक्स गुरुवार को 555.95 अंक टूट गया। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 555.95 अंक या 0.68 प्रतिशत की गिरावट के साथ 81,159.68 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 622.74 अंक या 0.76 प्रतिशत गिरकर 81,092.89 अंक पर आ गया। दूसरी ओर, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 166.05 अंक या 0.66 प्रतिशत गिरकर 24,890.85 पर आ गया। सेंसेक्स की कंपनियों में ट्रेंट, पावर ग्रिड, टाटा मोटर्स, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एशियन पेंट्स, एनटीपीसी, अडानी पोर्ट्स और बजाज फाइनेंस पिछड़ गए। वहीं भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एक्सिस बैंक और भारती एयरटेल प्रमुख लाभ में रहे।

निफ्टी मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे फिसला

विशेषज्ञों का कहना है कि निफ्टी आज मनोवैज्ञानिक स्तर 25,000 अंक से नीचे फिसल गया। इससे मंदी का दौर और गहरा गया। वैश्विक और घरेलू स्तर पर कई चुनौतियों के कारण निवेशकों का भरोसा डगमगाया। विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की लगातार निकासी, रुपये में रिकॉर्ड गिरावट और अमेरिकी एच-1बी वीजा शुल्क वृद्धि को लेकर नई चिंताएं, जिसे भारतीय आईटी आय पर नकारात्मक प्रभाव के रूप में देखा जा रहा है। इन सबने मिलकर बाजार की धारणा को खराब किया है।

भारत विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा

देश के वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भारत विकास के मामले में दुनिया को चौंका देगा और यह विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि आज हर एक रेटिंग एजेंसी भारत की अर्थव्यवस्था के सकारात्मक विकास को लेकर उत्साहित है। वाणिज्य मंत्री मेक इन इंडिया की 11वीं वर्षगांठ के अवसर पर इसपर चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस विजन ने भारत को वैश्विक विनिर्माण महाशक्ति में बदल दिया है। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा 2014 में शुरू की गई मेक इन इंडिया पहल का उद्देश्य देश के औद्योगिक आधार को पुनर्जीवित करना और देश को एक वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनाना था।

ये भी पढ़ें : PM Modi on GST New Rates : जीएसटी सुधारों से लोगों पर टैक्स का भार कम हुआ : पीएम