मौसम विभाग ने चेताया 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
Delhi Weather Update (आज समाज), नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली के लोगों को खराब मौसम से राहत मिलने की आज भी संभावना नहीं है। मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए बुलेटिन के अनुसार आज भी दिल्ली एनसीआर में तेज आंधी और बारिश का अनुमान है। इस दौरान तेज हवाएं 40-50 किमी प्रति घंटा की गति के साथ अस्थायी रूप से 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच जाएंगी। ऐसे में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 36 और 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। इसके अलावा, मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में 4 जून को भी मौसम खराब रहेगा।
बीते कल भी आई थी तेज आंधी
सोमवार को दिन भर गर्मी रहने के बाद शाम को तेज धूल भरी आंधी आई। इससे कुछ इलाकों में बिजली गुल हो गई। पूरे इलाके में काले बादल छा गए। तेज हवा भी चली। इससे वातावरण ठंडा और खुशनुमा हो गया। धूल भरी आंधी के चलते दृश्यता कम हो गई। हालांकि, बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग ने दिन के समय इलाकों में बारिश का आॅरेंज अलर्ट जारी किया हुआ था। इससे लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिली।
इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 3.9 डिग्री सेल्सियस कम के साथ 36.1 डिग्री दर्ज किया गया। कुछ इलाकों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। बीते 24 घंटे में हवा में नमी का न्यूनतम स्तर 46 फीसदी रहा। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे जम्मू के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण के रूप में पश्चिमी विक्षोभ समुद्र तल से 3.1 किमी और 7.6 किमी ऊपर बना हुआ है।
इस बार नौतपा रहा बेअसर
साल में सबसे ज्यादा गर्म दिन नौतपा के दौरान माने जाते हैं। इस बार नौतपा 25 मई से शुरू हुआ था और इसका असर दो जून तक रहना था। इस तरह से अब नौतपा गुजर चुका है लेकिन इस साल इसका प्रभाव देखने को नहीं मिला। दिल्ली एनसीआर में पिछले कई दिनों से आंधी व बारिश का सिलसिल जारी है। इसी के चलते तापमान सामान्य से कम रिकॉर्ड किया जाता रहा। जिसके चलते गर्मी ज्यादा नहीं हो सकी और नौतपा बेअसर रहा।
देश में पूरी तरह से सक्रिय मानसून
मौसम विशेषज्ञों ने अनुमान जताया है कि इस बार मानसून पूरी तरह से सक्रिय है। इसके चलते देश के पूर्वी राज्यों में मुसलाधार बारिश का कहर जारी है। यदि हालात सामान्य रहते हैं तो आने वाले दिनों में देश के बाकी राज्यों में भी मानसून अपना असर दिखाएगा और देश में सामान्य से ज्यादा बारिश होने का अनुमान है।