Haryana News: करनाल में शादी की खुशियां मातम में बदलीं, कारों की भीषण टक्कर में 2 लोगों की दर्दनाक मौत, जानलेवा रफ्तार से हुआ हादसा

0
231

Haryana News: करनाल में भीषण सड़क दुर्घटना में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। आईटीआई चौक से महाराजा अग्रसेन चौक की ओर जाने वाले मार्ग पर अमृतधारा अस्पताल के सामने शनिवार देर रात दो कारों की भीषण टक्कर में एक मासूम बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कारें पलट गईं और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

दो कारों की भीषण टक्कर

जानकारी के मुताबिक, एक कार तेज रफ्तार से आई और बैरिकेड पार करते हुए दूसरी कार से टकरा गई। क्रेटा कार में सवार परिवार शादी समारोह से लौट रहा था। टक्कर के बाद सड़क पर शादी के कपड़े, बैग, मिठाई और बच्चों के जूते समेत अन्य सामान बिखर गया।

दो लोगों की दर्दनाक मौत

इस हादसे में करीब 20-21 वर्षीय युवक और 9-10 वर्षीय बच्चे की मौत होने की जानकारी सामने आई है। एक महिला गंभीर रूप से घायल बताई जा रही है। इसके अलावा, कई अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। घायलों को एंबुलेंस और डायल 112 की मदद से अमृतधारा अस्पताल और सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल में रखवाए गए।

पुलिस कर रही वजह की जांच

सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन पुलिस और मॉडल टाउन चौकी की टीमें मौके पर पहुंचीं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। सड़क पर पलटी दोनों कारों और टूटे बिजली के खंभों को हाइड्रा क्रेन की मदद से हटवाया गया। मॉडल टाउन चौकी प्रभारी गीता ने बताया कि शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस हादसे की वजह की जांच कर रही है।

  • TAGS
  • [post_tags]