- आईएमएस से एबीईएस के बीच आवागमन बंद
Uttar Pradesh News(आज समाज नेटवर्क)गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (डीएमई) पर मरम्मत कार्य के चलते 6 जून से 7 जून तक विशेष यातायात डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलने की अपील की है।
यातायात पुलिस के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 21.460 पर आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जाना है। सड़क एवं यातायात सुरक्षा की दृष्टि से यह कार्य महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एनएचएआई की कार्यदायी संस्था एम/एस एपीसीओ चेतक अल्ट्रावे प्राइवेट लिमिटेड द्वारा इस संबंध में सूचना दी गई है।
यातायात पुलिस और एनएचएआई की ओर से संयुक्त रूप से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं
जारी ट्रैफिक प्लान के मुताबिक 6 जून 2026 की सुबह 7 बजे से 7 जून की रात तक आईएमएस कॉलेज से एबीईएस कॉलेज के बीच दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।इस दौरान मेरठ से दिल्ली की ओर जाने वाले सभी हल्के और भारी वाहन आईएमएस कॉलेज से एनएच-9, लालकुआं और एबीईएस कॉलेज होते हुए आईपीएम जंक्शन के माध्यम से पुनः दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर प्रवेश करेंगे।यातायात पुलिस और एनएचएआई की ओर से संयुक्त रूप से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
निर्माण स्थल पर बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टिव साइनेज, चेतावनी संकेतक तथा यातायात कर्मियों की तैनाती की जाएगी, ताकि मरम्मत कार्य सुरक्षित और सुचारू रूप से पूरा हो सके।पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का अनुसरण करने तथा आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। विशेष रूप से भारी एवं मालवाहक वाहनों को डायवर्जन व्यवस्था का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।यातायात पुलिस ने कहा है कि पूरे दौरान ट्रैफिक व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त प्रबंध भी किए जाएंगे। आमजन से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की गई है।


