Sonipat News(आज समाज नेटवर्क) सोनीपत। जिले के कुंडली क्षेत्र स्थित एक ढाबे में बिल को लेकर हुए विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत, मेडिकल रिपोर्ट और प्रारंभिक जांच के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस को दी शिकायत में दिल्ली के नरेला निवासी अभिषेक, पंकज और उनके साथी सागर ने बताया कि वे कुंडली स्थित रसोई ढाबा पर खाना खाने पहुंचे थे। भोजन के बाद बिल का भुगतान करते समय उन्होंने बिल में लगाए गए अतिरिक्त शुल्क पर आपत्ति जताई। आरोप है कि इस बात को लेकर काउंटर पर मौजूद मैनेजर से उनकी कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।
पुलिस के अनुसार घायलों का मेडिकल कराया गया है
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर ढाबे के 20 से 30 कर्मचारी मौके पर एकत्र हो गए और उनके साथ मारपीट की। उन्होंने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान डंडों तथा ढाबे में इस्तेमाल होने वाले बर्तनों का भी प्रयोग किया गया। घटना में सागर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अभिषेक और पंकज को भी चोटें आईं।पुलिस के अनुसार घायलों का मेडिकल कराया गया है।
मेडिकल रिपोर्ट में सागर की चोटों को गंभीर श्रेणी में पाया गया है। शिकायतकर्ताओं ने घटना की सीसीटीवी फुटेज होने का भी दावा किया है, जिसकी जांच की जा रही है।कुंडली थाना पुलिस ने शिकायत, मेडिकल रिपोर्ट और प्रारंभिक जांच के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।


