Noida Balcony Accident: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की महागुन मायवुड्स सोसायटी में शुक्रवार तड़के एक बेहद दर्दनाक हादसे में पिता और उनके 11 वर्षीय बेटे की जान चली गई। परिवार खाटू श्याम मंदिर में दर्शन के लिए जाने की तैयारी कर रहा था। इससे पहले पूजा के लिए बालकनी में लगे पौधों से फूल तोड़ते समय बेटे का पैर फिसल गया। वह 23वीं मंजिल की बालकनी से बाहर की ओर लटक गया। बेटे को बचाने के लिए पिता ने उसे ऊपर खींचने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान उनका भी संतुलन बिगड़ गया और दोनों नीचे गिर गए। इस हादसे में 40 वर्षीय रणदीप पात्रा और उनके 11 वर्षीय बेटे आरव की मौत हो गई। घटना के बाद सोसायटी में शोक का माहौल है। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।
तड़के 4:20 बजे हुआ हादसा
यह घटना शुक्रवार को सुबह करीब 4:20 बजे बिसरख थाना क्षेत्र की महागुन मायवुड्स सोसायटी के टावर-23 में हुई। रणदीप पात्रा अपने परिवार के साथ इसी टावर की 23वीं मंजिल पर रहते थे। बारिश के कारण बालकनी का फर्श गीला था। बालकनी में लगे पौधों और ग्रिल के सहारे फैली बेलों पर फूल खिले हुए थे। परिवार को मंदिर में पूजा के लिए इन फूलों की जरूरत थी। इसी वजह से रणदीप अपने बेटे के साथ फूल तोड़ने बालकनी में पहुंचे थे।
बेटे को बचाने गए थे पिता
रणदीप की पत्नी के अनुसार आरव सीढ़ी की मदद से ऊपर लगे फूल तोड़ रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह बालकनी के बाहर की तरफ लटक गया। उसने किसी तरह रेलिंग पकड़ रखी थी। बेटे को इस हालत में देखकर रणदीप तुरंत उसे बचाने पहुंचे। उन्होंने आरव का हाथ पकड़कर उसे ऊपर खींचने की कोशिश की, लेकिन गीली सतह पर उनका पैर भी फिसल गया। देखते ही देखते पिता और बेटा दोनों 23वीं मंजिल से नीचे गिर गए। हादसे के समय रणदीप की पत्नी कमरे में तैयार हो रही थीं। परिवार को सुबह जल्दी खाटू श्याम के लिए निकलना था। इसी दौरान उन्हें रणदीप के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर वह तुरंत बालकनी में पहुंचीं, लेकिन वहां पति और बेटा नजर नहीं आए। जब उन्होंने नीचे झांककर देखा तो दोनों के शव जमीन पर पड़े थे।
सचिवालय में ऑफिसर थे रणदीप
रणदीप पात्रा की उम्र करीब 40 साल थी। वह दिल्ली स्थित केंद्रीय सचिवालय में सेक्शन ऑफिसर के पद पर कार्यरत थे। वह अपनी पत्नी और बेटे आरव के साथ महागुन मायवुड्स सोसायटी के टावर-23 में रहते थे। परिवार शुक्रवार को खाटू श्याम मंदिर जाने वाला था। पत्नी के मुताबिक मंदिर में दर्शन और पूजा के अलावा परिवार को वहां जमीन की रजिस्ट्री भी करानी थी। इस यात्रा की तैयारियों के बीच हुआ हादसा परिवार के लिए कभी न भूलने वाला दुख बन गया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
पुलिस के मुताबिक डायल 112 के माध्यम से कंट्रोल रूम को महागुन मायवुड्स सोसायटी में दो लोगों के ऊंचाई से गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


