Watch Video: गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में जोरदार धमाका, खाना लेकर आया डिलीवरी बॉय घायल

0
70
Ghaziabad Blast, Vasundhara Police Chowki, Ghaziabad News, Delivery Boy Injured, Forensic Investigation, CCTV Footage, गाजियाबाद धमाका, वसुंधरा पुलिस चौकी, गाजियाबाद में डिलीवरी बॉय घायल, गाजियाबाद न्यूज
गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में शुक्रवार देर रात ब्लास्ट हो गया।

Vasundhara Police Chowki Blast: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पुलिस चौकी के अंदर हुए धमाके से हड़कंप मच गया। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में शुक्रवार रात करीब 10 बजे अचानक जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना तेज था कि चौकी की दो खिड़कियों के शीशे टूट गए और दीवार में भी दरार आ गई। घटना के समय चौकी पर खाना पहुंचाने आया एक डिलीवरी बॉय इसकी चपेट में आकर घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फायर विभाग, फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ते ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। फिलहाल धमाके की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। शुरुआती जांच में एसी में खराबी से विस्फोट होने की बात सामने आई है।

वसुंधरा पुलिस चौकी में कैसे हुआ धमाका?

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात करीब 10 बजे इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में अचानक धमाका हुआ। उस समय एक डिलीवरी बॉय चौकी पर खाना पहुंचाने आया था। बताया गया है कि वह उपनिरीक्षक विकास के लिए खाना लेकर पहुंचा था। धमाके की चपेट में आने से डिलीवरी बॉय घायल हो गया। चौकी में मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। धमाके से चौकी के दो अलग-अलग कमरों की खिड़कियां टूट गईं और दीवार में भी दरार आ गई। घटना के बाद चौकी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

AC में ब्लास्ट या पटाखों से हुआ धमाका?

धमाके के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि पुलिस चौकी के अंदर आखिर विस्फोट किस वजह से हुआ? शुरुआती जानकारी में एसी में ब्लास्ट होने की आशंका जताई गई है। वहीं, कुछ स्थानीय लोगों ने चौकी के एक कमरे में रखे पटाखों में विस्फोट होने की आशंका भी व्यक्त की थी। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने पटाखों में विस्फोट होने की बात को गलत बताया है। डीसीपी ट्रांस हिंडन ऋजुल के मुताबिक घटना की जांच के लिए फायर विभाग, फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया। सभी टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नमूने एकत्र किए हैं। जांच के बाद ही धमाके की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की जानकारी मिलने के बाद इंदिरापुरम के एसीपी सूर्यबली मौर्य और डीसीपी ट्रांस हिंडन ऋजुल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पुलिस चौकी का निरीक्षण किया और जांच टीमों से जानकारी ली। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमाका किन परिस्थितियों में हुआ और इसके पीछे किस तरह की तकनीकी या अन्य वजह जिम्मेदार हो सकती है। इसके अलावा घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज की जांच भी महत्वपूर्ण है। इससे यह पता लगाने में मदद मिल सकती है कि धमाके से पहले चौकी में कौन-कौन मौजूद था और घटनाक्रम किस तरह हुआ।

  • TAGS
  • [post_tags]