UP News: अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन, तीन आरोपियों की संपत्ति कुर्क, लाखों का सामान जब्त

0
105
Ankit Baliyan Murder, Ankit Baliyan Murder Case, Shamli Police Action, Ankit Baliyan Case Update, Ankit Baliyan Case Property Attachment, Haryana Crime, UP Police Action, अंकित बालियान हत्याकांड, शामली पुलिस, यूपी शामली न्यूज
अंकित बालियान मर्डर केस में फरार चल रहे आरोपियों के घर रविवार को कुर्की की कार्रवाई की गई।

Ankit Baliyan Murder Case: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में शामली पुलिस ने फरार चल रहे तीन आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अदालत की अनुमति के बाद पुलिस ने आर्यन संधु, सत्यम कादियान और राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया के हरियाणा स्थित घरों पर पहुंचकर कुर्की की कार्रवाई की। तीनों आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित है। पुलिस के मुताबिक उन्हें भगोड़ा घोषित करने की कानूनी प्रक्रिया भी पूरी की जा चुकी है। पुलिस टीमों ने रविवार को हरियाणा के करनाल और सोनीपत में कार्रवाई की। आरोपियों के घरों से कुर्की योग्य घरेलू सामान कब्जे में लिया। कार्रवाई के बाद जब्त सामान शामली लाया गया। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

आरोपियों के घर से क्या-क्या मिला?

पुलिस टीम सोनीपत जिले के मुरथल थाना क्षेत्र के शाहपुर तुर्क गांव स्थित राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया के घर पहुंची। यहां से पुलिस ने डबल बेड, सेफ, वाशिंग मशीन, एसी, संदूक, एलईडी टीवी और जिम का सामान समेत अन्य कुर्की योग्य संपत्ति जब्त की। आरोपी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित है।

दूसरी पुलिस टीम करनाल के कालंदरी गेट क्षेत्र में रहने वाले आर्यन संधु के घर पहुंची। यहां से सेफ, वाशिंग मशीन, एसी, संदूक, एलईडी टीवी, इनवर्टर-बैटरी और अन्य सामान कुर्क किया गया। आर्यन संधु भी इस हत्याकांड में वांछित आरोपी है। उस पर भी एक लाख का इनाम है।

तीसरी कार्रवाई करनाल के गोपीवाला डेरा क्षेत्र में रहने वाले सत्यम कादियान के घर पर हुई। पुलिस के मुताबिक यहां आरोपी के घर से से सेफ, दीवान बेड, जिम का सामान, सोफा, डाइनिंग टेबल और अन्य कुर्की योग्य सामान जब्त किया गया। सत्यम कादियान पर भी एक लाख रुपये का इनाम घोषित है।

26 अगस्त को हुई थी अंकित की हत्या

यह पूरा मामला 26 अगस्त 2026 का है। शामली के बाबरी क्षेत्र के बंतीखेड़ा गांव निवासी अंकित बालियान की शहर के आर्यपुरी नाला पटरी इलाके में जिम के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार वह जिम से निकलकर अपनी कार की ओर जा रहे थे, तभी हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं। घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पुलिस ने दो शूटरों मोहित और सुमित को 31 अगस्त को हुई मुठभेड़ में मार गिराया था। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ के बाद हत्याकांड में शामिल अन्य लोगों और साजिश की कड़ियों की जांच तेज की गई।

साजिश के आरोप में रोहित भी गिरफ्तार

जांच में पुलिस को एक और अहम सफलता तब मिली, जब रोहित उर्फ लाडला को गिरफ्तार किया गया। शामली पुलिस ने रोहित को हत्याकांड की साजिश में शामिल आरोपी बताया है। वह मुठभेड़ में मारे गए आरोपियों में से एक मोहित का परिचित था। इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस का फोकस उन तीन आरोपियों तक पहुंचने पर है, जो अब भी फरार हैं। शामली पुलिस के अनुसार तीनों फरार आरोपियों की तलाश में टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस की टीमें पांच राज्यों में आरोपियों की तलाश कर रही हैं।

  • TAGS
  • [post_tags]