UP News: यमुना एक्सप्रेसवे पर रफ्तार का कहर, टक्कर के बाद होंडा सिटी में लगी आग, झुलसकर चालक की मौत

0
72

UP News: उत्तर प्रदेश के यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार को रफ्तार का कहर देखने को मिला। नोएडा से आगरा की तरफ जा रही एक अनियंत्रित होंडा सिटी कार ने मांट टोल प्लाजा की पेट्रोलिंग गाड़ी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार में तुरंत आग लग गई, जिसमें एक व्यक्ति की झुलसकर मौत हो गई और तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

कहां हुआ हादसा?

दुर्घटना मथुरा जिले के पास यमुना एक्सप्रेसवे पर मांट टोल क्षेत्र के नजदीक घटी। दिल्ली के रहने वाले राघव और प्रतिभा अपनी होंडा सिटी कार (नंबर DL 10 CH 2108) से नोएडा से आगरा की ओर यात्रा कर रहे थे। सफर के दौरान उनकी कार काफी तेज गति में थी। अचानक कार पर से चालक का नियंत्रण हट गया और कार आगे चल रही मांट टोल प्लाजा की पेट्रोलिंग गाड़ी से जा भिड़ी।

कार चालक की मौत

टक्कर इतनी तेज थी कि धमाके के साथ कार में आग की लपटें उठने लगीं। गाड़ी में आग लगते ही एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई और वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालक सहम गए। कार में सवार लोग आग और धुएं के बीच फंस गए। दिल्ली निवासी राघव की जान नहीं बचाई जा सकी और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, प्रतिभा की हालत नाजुक बनी हुई है।

घायलों का चल रहा इलाज

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर काबू पाया। इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, ताकि उन्हें समय पर इलाज मिल सके। पेट्रोलिंग गाड़ी में मौजूद पुलिसकर्मी अनिल और चालक प्रताप भी दुर्घटना में घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

  • TAGS
  • [post_tags]