
Khatu Shyam Mandir News: राजस्थान के प्रसिद्ध खाटू श्यामजी मंदिर में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मंदिर के निकास द्वार के पास स्थित एक भोजनालय में अचानक भीषण आग लग गई। घटना के समय मंदिर में बाबा श्याम के वार्षिक पाटोत्सव के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। आग की लपटें देखकर भक्तों में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग बुझाने के लिए पांच दमकल गाड़ियों को लगाया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
यह घटना सीकर जिले के खाटूश्यामजी कस्बे में मंदिर के निकास मार्ग के पास हुई। आग नंद भोजनालय में लगी थी, जो कला भवन धर्मशाला के सामने स्थित है। भीड़भाड़ वाले इलाके में आग लगने से श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन भी तुरंत अलर्ट हो गया। भोजनालय में दो दर्जन से अधिक गैस सिलेंडर रखे हुए थे। इनमें से चार सिलेंडरों में विस्फोट होने की भी खबर सामने आई है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने भी आग बुझाने में मदद की।
दमकल गाड़ियों ने पाया आग पर काबू
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की पांच गाड़ियों को लगाया गया। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई। प्रशासन और पुलिस की टीमों ने पूरे घटनास्थल पर निगरानी रखी, ताकि आग आसपास की दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों तक न फैल सके। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं मिली।
मंदिर का निकास मार्ग किया गया बंद
खाटू श्यामजी मंदिर में वार्षिक पाटोत्सव के चलते पहले से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे हुए थे। ऐसे में मंदिर के निकास द्वार के पास आग लगने से भीड़ प्रबंधन प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने एहतियातन मंदिर का निकास मार्ग बंद कर दिया। इसके बाद भीड़ को कंट्रोल करने और रास्ते पर अधिक जमावड़ा रोकने के लिए भक्तों को गुवाड़ चौक की ओर से बाहर निकलने का रास्ता दिया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर रहकर श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित कराया।
पाटोत्सव में उमड़ी थी लाखों की भीड़
खाटू श्यामजी मंदिर में 20 नवंबर को बाबा श्याम का वार्षिक पाटोत्सव मनाया जा रहा है। इस विशेष अवसर पर राजस्थान सहित देश के अलग-अलग राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए खाटूधाम पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा और व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए थे। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही थी। इसी बीच भोजनालय में आग लगने की घटना ने कुछ समय के लिए पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

