कहा, पंजाब में वोटर सूची की 90 प्रतिशत मैपिंग का काम पूरा
Punjab Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब सीएम भगवंत सिंह मान ने प्रदेश के लोगों से अपील की है कि वे प्रदेश में चल रहे वोटर सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत अपने वोट की पुष्टि के लिए गणना फॉर्म (एन्यूमरेशन फॉर्म) जरूर भरें।
अपने वोट की पुष्टि के लिए गणना फॉर्म भरने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य ने लगभग 90 प्रतिशत वोटर सूची की मैपिंग का आंकड़ा पहले ही हासिल कर लिया है। उन्होंने दोहराया कि पंजाब सरकार इस पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान किसी की भी वास्तविक वोट को काटने नहीं देगी।
पंजाब में 24 जुलाई तक चलेगा अभियान
मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) 25 जून से 24 जुलाई तक घर-घर जाकर वोटर सूचियों की पुष्टि और सुधाई कर रहे हैं।
यह बहुत ही गर्व और संतुष्टि की बात है कि राज्य में लगभग 90 प्रतिशत वोटरों की मैपिंग पहले ही हो चुकी है और बाकी बचा काम भी युद्ध स्तर पर चल रहा है। इस काम में जुटे स्टाफ को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस उपलब्धि के लिए मैं सभी बीएलओ और चुनाव आयोग के स्टाफ को बधाई देता हूं। यह सब उनकी लगन और कड़ी मेहनत के कारण ही संभव हुआ है।
सीएम मान ने यह निर्देश भी दिए
इस प्रक्रिया के बारे में और जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया, “अगर कोई घर बंद मिलता है तो बी.एल.ओ. वहां सूचना पर्ची (इनफॉर्मेशन स्लिप) और स्टिकर लगाएगा। बीएलओ भरा हुआ फॉर्म लेने के लिए उस घर में कम से कम तीन बार दौरा करेंगे। लोगों से बिना किसी देरी के इस प्रक्रिया को पूरा करने की अपील करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि सिर्फ उन्हीं वोटरों के नाम वोटर सूची के मसौदे (ड्राफ्ट वोटर लिस्ट) में शामिल किए जाएंगे जो सही तरीके से भरा हुआ फॉर्म जमा करवाएंगे। अगर कोई फॉर्म जमा नहीं करवाता तो उसका नाम मसौदा सूची में शामिल नहीं किया जाएगा।


