पाकिस्तान-आधारित तस्करों के साथ तालमेल में विदेशी गैंगस्टर के इशारे पर कर रहे थे काम : डीजीपी
Amritsar Crime News (आज समाज), अमृतसर : काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने सीमा पार से संचालित अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल से जुड़े दो आरोपियों को 10 विदेशी आधुनिक पिस्तौलों सहित गिरफ्तार कर इस मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। यह जानकारी देते हुए पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान रेशम सिंह निवासी खुशूपुरा, अमृतसर और मनप्रीत सिंह निवासी खवासपुर, तरनतारन के रूप में हुई है।
बरामद किए गए पिस्तौलों में एक तुर्की निर्मित जिगाना पिस्तौल, एक आॅस्ट्रिया निर्मित ग्लॉक पिस्तौल, दो अमेरिका निर्मित बेरेटा पिस्तौल, पांच पीएक्स-5 पिस्तौल और एक चीन निर्मित नोरिन्को पिस्तौल सहित मैगजीन शामिल हैं। पुलिस टीमों ने उनका काले रंग का प्लेटिना मोटरसाइकिल (पीबी 63 डी 3668), जिसका उपयोग खेप की डिलीवरी के लिए किया जाता था, को भी जब्त कर लिया है।
पाकिस्तानी तस्करों से सीधे संपर्क में थे आरोपी
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से यह सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान स्थित तस्करों के साथ तालमेल में विदेशी गैंगस्टर के निदेर्शों पर काम कर रहे थे और भारत में अवैध हथियारों की तस्करी में संलिप्त थे। उन्होंने कहा कि यह खेप राज्य भर में आपराधिक तत्वों को पहुंचाई जानी थी। इस आॅपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि सीआई अमृतसर को एक विश्वसनीय सूचना मिली थी कि एक विदेशी गैंगस्टर अपने पंजाब स्थित सहयोगियों की मदद से पाकिस्तान से भारत में ड्रोन के माध्यम से अवैध हथियार और गोला-बारूद की तस्करी कर रहा है।
इस तरह मिली पुलिस को सफलता
डीजीपी ने आगे बताया कि प्राप्त सूचना के अनुसार उनके पंजाब स्थित सहयोगी रेशम सिंह ने हथियारों की खेप प्राप्त की थी और पाकिस्तानी तस्करों के निदेर्शों का पालन करते हुए वह संभवत: इस खेप को अमृतसर से चोगावां रोड पर नहर पुल के पास गांव कोहाली के निकट संदिग्ध मनप्रीत सिंह को सौंपने वाला था। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने नाका लगाकर दोनों आरोपियों को हथियारों की खेप सहित गिरफ्तार कर लिया। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि इस मामले के आगे-पीछे के संबंध स्थापित करने के लिए आगे की जांच जारी है, ताकि पूरे तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
ये भी पढ़ें : Chandigarh Breaking News : एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन बनी पुलिस-जनता सहयोग की अहम कड़ी


