Chandigarh Breaking News : एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन बनी पुलिस-जनता सहयोग की अहम कड़ी

0
310
Chandigarh Breaking News : एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन बनी पुलिस-जनता सहयोग की अहम कड़ी
Chandigarh Breaking News : एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन बनी पुलिस-जनता सहयोग की अहम कड़ी

21 जनवरी को शुरू की हेल्पलाइन पर गैंगस्टरों से संबंधित 590 सूचनाएं जनता से मिली, 63 एफआईआर दर्ज

Chandigarh Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब को अपराध मुक्त बनाने के लिए सरकार के प्रयास जारी हैं। इसी के चलते 21 जनवरी को सीएम भगवंत सिंह मान ने एक विशेष अभियान गैंगस्टरां ते वार नाम से शुरू किया था। इस अभियान के तहत एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 के माध्यम से महत्वपूर्ण मील के पत्थर हासिल किए हैं और 21 जनवरी, 2026 को इसकी शुरूआत के बाद आम लोगों द्वारा इस अभियान को भरपूर समर्थन मिला है।

इस पहल की सफलता के बारे में जानकारी देते हुए डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल आॅफ पुलिस (डीआईजी) एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) गुरमीत सिंह चौहान ने आज यहां बताया कि इस हेल्पलाइन पर अब तक कुल 590 इनपुट प्राप्त हुए हैं। इनमें से 83 नशे से संबंधित, 35 जबरन वसूली से, 43 गैंगस्टरों से, 86 अवैध हथियारों से, 74 व्यक्तिगत दुश्मनी से, 13 डकैती/चोरी से, 11 भगोड़े अपराधियों (पीओज)/फरारों से और दो इमिग्रेशन धोखाधड़ी से संबंधित हैं, जबकि 97 मामलों को अन्य श्रेणी में वगीर्कृत किया गया है।

जन सहयोग से ही खत्म होगा अपराध

इस संबंध में सफल उदाहरणों का हवाला देते हुए, जहां लोगों के सहयोग से जघन्य अपराधों में शामिल अपराधियों को पकड़ने में मदद मिली, डीआईजी गुरमीत चौहान ने कहा कि इस अभियान में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। लोगों द्वारा दी गई सूचनाओं/जानकारियों के आधार पर 63 एफआईआर दर्ज की गईं और 26 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 21 प्रिवेंटिव डिटेंशन के मामले शामिल हैं।

हेल्पलाइन का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाएं

लोगों से हेल्पलाइन 93946-93946 का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील करते हुए डीआईजी ने नागरिकों को पुलिस की “आंख और कान” बनकर काम करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि लोग इस हेल्पलाइन पर केवल जबरन वसूली से संबंधित मामलों की ही नहीं, बल्कि किसी भी संदिग्ध गैंगस्टर, अपराधी या समाज विरोधी गतिविधियों की रिपोर्ट भी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि मैं आम लोगों को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि पुलिस को जानकारी देने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।

डीआईजी गुरमीत चौहान ने भोले-भाले युवाओं को थोड़े से पैसों का लालच देकर अपराध के लिए उकसाने वाले विदेशों में बैठे समाज विरोधी तत्वों के बारे में भी लोगों को सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि वे अज्ञात व्यक्तियों के लिए यूपीआई या अन्य डिजिटल माध्यमों के जरिए वित्तीय लेन-देन से परहेज करें। इसके अलावा उन्होंने अज्ञात स्थानों से पैकेज उठाने या छोड़ने के संबंध में भी लोगों को सावधान किया।

  • TAGS
  • [post_tags]