कहा, पंजाब हितैषी फैसले लेने के कारण मुझे बदनाम करने के लिए धर्म की आड़ में साजिश रची जा रही
Punjab CM News (आज समाज), होशियारपुर : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने एक बार फिर से प्रदेश की पारंपरिक राजनीतिक पार्टियों पर तीखा निशाना साधा। जनसभा को संबोधित करते हुए भगवंत सिंह मान ने कहा कि दशकों तक इन पार्टियों (कांग्रेस और शिअद-भाजपा) ने मिलकर प्रदेश के खजाने को दोनों हाथों से लूटा। मान ने कहा कि इन पार्टियों के नेताओं का एकमात्र लक्ष्य और उद्देश्य प्रदेश के खजाने को लूटना और अपने नीजि स्वार्थ पूरे करना था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सरकारी खजाने के प्रत्येक पैसे का उपयोग जनता के कल्याण के लिए कर रही है। 90 प्रतिशत से अधिक घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है और किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराई जा रही है, जो पहले कभी नहीं हुआ। ऐसे समय में जब केंद्र सरकार देश की संपत्तियों का निजीकरण कर रही है, पंजाब ने एक निजी थर्मल प्लांट खरीदकर उसका नाम श्री गुरु अमरदास जी के नाम पर रखकर इतिहास रचा है।
मुझे बदनाम करने के लिए धर्म का सहारा ले रहे
इस अवसर पर मान ने कहा कि ये पार्टियां धर्म का दुरुपयोग कर रही हैं और मुझे बदनाम करने के लिए लगातार झूठा प्रचार कर रही हैं, क्योंकि वे न तो ऐतिहासिक ‘जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार संशोधन अधिनियम-2026’ के पारित होने को हजम कर पा रही हैं और न ही इस बात को कि एक सामान्य घर का बेटा पंजाब में सुचारू रूप से सरकार चला रहा है। चब्बेवाल विधानसभा क्षेत्र के गाँव बिहाला में ‘लोक मिलनी’ के दौरान विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने लोगों द्वारा दिए गए अपार प्यार, सम्मान और आशीर्वाद के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि जनता का यह बड़ा समर्थन प्रदेश सरकार की नीतियों और नीयत में उनके अटूट विश्वास को दर्शाता है।
कंडी क्षेत्र के विकास पर विशेष फोकस
कंडी क्षेत्र के विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि को बढ़ावा देने के लिए शीघ्र ही नहरों का पानी कंडी क्षेत्र के कोने-कोने तक पहुंचाया जाएगा। राज्य सरकार इस पवित्र क्षेत्र के कृषि विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। पिछली सरकारों की उपेक्षा के कारण यह क्षेत्र लंबे समय तक पिछड़ा रहा। एक ओर हम यहां पर्यटन की संभावनाओं को विकसित कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कृषि को भी सशक्त बना रहे हैं।
ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : हमारा उद्देश्य पंजाब की निर्यात क्षमता बढ़ाना : अमन अरोड़ा


