अमृतसर से जम्मू जा रही थी बस, शुक्रवार अलसुबह हुआ हादसा
Punjab Road Accident (आज समाज), पठानकोट : पंजाब में शुक्रवार अलसुबह गुरदासपुर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर हुए एक दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचे। घायलों को आनन-फानन में एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है। दुर्घटना के कारण नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
बस में सवार ज्यादात्तर छात्र थे
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा धारीवाल के नजदीक हुआ। यहां पर एक तेज रफ्तार टूरिस्ट बस बेकाबू होकर पलट गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। बस अमृतसर से जम्मू जा रही थी और इसमें ज्यादातर कॉलेज स्टूडेंट सवार थे। इसके पलटते ही पीछे चल रही 3 से 4 गाड़ियां भी एक-दूसरे से टकरा गईं। हादसे में 2 कॉलेज छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, सभी कॉलेज स्टूडेंट अमृतसर के ग्लोबल कॉलेज में पढ़ते हैं। हादसे में दो दोस्तों की जान चली गई। एक मृतक नितिन (22) जम्मू का रहने वाला था।
पुलिस ओवर स्पीड बता रही हादसे का कारण
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी एएसआई बलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने तुरंत क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस और आपस में टकराए अन्य वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को सुचारू रूप से बहाल करवा दिया है। मृतक युवकों के परिवारों को सूचित कर दिया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारी एएसआई बलजीत सिंह ने का कहना है कि हाईवे पर वाहनों की गति सीमा पर नियंत्रण न होना और अचानक बस का संतुलन बिगड़ना इस बड़े हादसे का मुख्य कारण हो सकता है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं बस की रफ्तार तय सीमा से अधिक तो नहीं थी।
ये भी पढ़ें : Punjab Weather Update : पंजाब, चंडीगढ़ में गर्मी और लू ने किया बुरा हाल


