जालंधर, लुधियाना और पठानकोट में हल्की बारिश से मिली आंशिक राहत
Punjab Weather Update (आज समाज), चंडीगढ़ : उत्तरी भारत के समस्त मैदानी राज्य इन दिनों गर्मी और लू से बेहाल हैं। तापमान लगभग 45 डिग्री के आसपास बना हुआ है। वहीं मौसम विभाग ने अभी गर्मी से किसी तरह की बड़ी राहत की संभावना व्यक्त नहीं की है। गर्मी और लू का यह सितम पंजाब और चंडीगढ़ में भी जारी है। हालांकि पंजाब में गुरुवार को अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। फिर भी राज्य में सबसे ज्यादा तापमान बठिंडा में 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शुक्रवार अल सुबह प्रदेश में जालंधर, लुधियाना और पठानकोट समेत कई जगह बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। जालंधर और पठानकोट में तो बारिश के साथ तेज हवाएं भी चली। हालांकि मौसम विभाग ने बताया है कि यह राहत आंशिक है और जल्द तापमान में दोबारा वृद्धि दर्ज की जाएगी। उधर, चंडीगढ़ में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप आज भी जारी है।
इस तरह रहेगा तापमान
24 से 26 मई को आसमान सामान्य रूप से साफ रहेगा। इस दौरान तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकती है और 26 मई तक अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने गर्मी बढ़ने के दौरान लोगों को एहितयात बरतने की सलाह दी है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि दिन में तेज धूप में घर से बाहर निकलने में परहेज करें। शरीर विशेषकर सिर व पैरों को अच्छी तरह कवर करके ही घर से निकलें। बार-बार पानी पीते रहें और किसी तरह की समस्या आने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।
सरकार ने अस्पतालों में किए विशेष प्रबंध
भीषण गर्मी को देखते हुए पंजाब के सभी सरकारी अस्पतालों (जिला, उप-मंडल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों) में विशेष हीट स्ट्रोक और शीतलन वार्ड स्थापित किए गए हैं। इन वार्डों में अउ, कूलर, ठंडी ड्रिप, बर्फ के पैक और पर्याप्त मात्रा में डफर व आपातकालीन दवाएं उपलब्ध रहेंगी। पंजाब सरकार और स्वास्थ्य विभाग ने राज्य के सभी सिविल सर्जनों को इन समर्पित हीट स्ट्रोक वार्डों को 24 घंटे चालू रखने के सख्त निर्देश दिए हैं। इसके अलावा एम्बुलेंसों को भी मरीजों को अस्पताल लाते समय रास्ते में ही ठंडा रखने के उपकरणों से लैस किया गया है।


