पकड़े गए आरोपियों से 10 किलो हेरोइन, 2 किलो आईसीई और एक पिस्तौल बरामद
Punjab Breaking News (आज समाज), फिरोजपुर : अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में फिरोजपुर पुलिस ने दो अलग-अलग खुफिया अभियानों के तहत नशा तस्करी गतिविधियों में शामिल तीन मुख्य आरोपियों को 10.125 किलोग्राम हेरोइन, 2 किलोग्राम आईसीई (मेथामफेटामाइन) और एक .30 बोर तुर्की निर्मित पिस्तौल सहित गिरफ्तार कर बड़े नशा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।
यह जानकारी डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान ओम उर्फ ओमी (23) निवासी गांव लेली वाला (फिरोजपुर), अनीकेत कुमार (22) और सुमित (23) दोनों निवासी शांति नगर (फिरोजपुर) के रूप में हुई है। नशीले पदार्थों की बरामदगी के अलावा पुलिस टीमों ने उनका हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (पीबी05 यू 9776) भी जब्त किया है।
प्राथमिक जांच में यह आया सामने
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच के दौरान दोनों नेटवर्कों में एक संगठित ड्रग सप्लाई चेन की संलिप्तता का खुलासा हुआ है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीमें दोनों नेटवर्कों के स्रोतों, डिलीवरी स्थानों और अन्य सदस्यों की पहचान के लिए आगे-पीछे के लिंक स्थापित कर रही हैं।
पहले आॅपरेशन संबंधी जानकारी साझा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) भूपिंदर सिंह सिद्धू ने बताया कि सीआईए स्टाफ के प्रभारी इंस्पेक्टर मोहित धवन के नेतृत्व वाली टीम ने पुख्ता सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए खाई फेमे के से गांव हबीब के रोड पर एक ईंट-भट्ठे के पास ओम उर्फ ओमी को हिरासत में लिया और तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 10.125 किलोग्राम हेरोइन की बड़ी खेप बरामद की।
इस तरह मिली पुलिस को सफलता
दूसरे आॅपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए एसएसपी भूपिंदर सिंह सिद्धू ने बताया कि थाना आरिफ के के एसएचओ इंस्पेक्टर बलराज सिंह के नेतृत्व वाली टीम को पुख्ता सूचना मिली थी कि अनीकेत कुमार और सुमित कुमार, जो सिंथेटिक ड्रग्स और अवैध हथियारों की तस्करी करते हैं, मोटरसाइकिल पर मल्लांवाला की ओर से फिरोजपुर रोड की तरफ नशे की खेप पहुंचाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दोनों को हिरासत में लिया और उनके कब्जे से 2 किलो आईसीई ड्रग तथा एक .30 बोर तुर्की निर्मित पिस्तौल बरामद की।
ये भी पढ़ें : Punjab Crime News : नशा मुक्ति केंद्र के स्टाफ से मारपीट करके 30 मरीज फरार


