ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग के मोहाली में फील्ड स्टाफ के राज्य स्तरीय प्रशिक्षण की अध्यक्षता की
Chandigarh News (आज समाज), चंडीगढ़/एसएएस नगर : पंजाब के ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री तरुनप्रीत सिंह सोंद ने कहा कि राज्य को पूरी तरह नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान का दूसरा चरण 5 जनवरी से शुरू किया जाएगा। मोहाली में ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग के फील्ड स्टाफ के राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मंत्री ने कहा कि अभियान के पहले चरण की सफलता के बाद मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निदेर्शों पर दूसरे चरण की शुरुआत की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस चरण के दौरान वे युवा, जो कभी नशे के शिकार थे और उपचार के बाद पुनर्वासित होकर सामान्य जीवन जी रहे हैं, प्रेरक वक्ताओं के रूप में लोगों को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करेंगे।
गांव और मोहल्लों तक चलाया जाएगा जागरुकता अभियान
मंत्री ने कहा कि गांवों और शहरी वार्डों में घर-घर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें स्थानीय निवासियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जन जागरूकता बढ़ाई जा सके। उन्होंने दोहराया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पहले चरण के दौरान हजारों नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है और शेष आरोपियों के खिलाफ दूसरे चरण में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने यह भी कहा कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य फील्ड स्टाफ की क्षमता निर्माण, पंचायतों को सशक्त बनाना तथा राजस्व वृद्धि के लिए संसाधनों को मजबूत करना भी है। इस एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में फील्ड कर्मचारी उपस्थित रहे।
1 मार्च 2025 को शुरू किया था अभियान
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पंजाब सरकार ने युवाओं को नशे से बचाने के लिए विशेष अभियान एक मार्च 2025 को पूरे प्रदेश में शुरू किया था। इस अभियान के तहत प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ सख्ती करते हुए छापेमारी अभियान चलाया गया था। इस अभियान में पुलिस को अभी तक काफी ज्यादा सफलता मिली है। पंजाब पुलिस की टीमों द्वारा 308 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या अब 43,095 हो गई है।
ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : चार साल में 61 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली : मान


