खनन एवं भू-विज्ञान मंत्री बरिंदर कुमार गोयल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लिया गया फैसला
Chandigarh Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब के खनन एवं भू-विज्ञान मंत्री बरिंदर कुमार गोयल की अध्यक्षता में पंजाब सिविल सचिवालय में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें पंजाब में पोटाश भंडार वाले मुख्य संभावित क्षेत्रों में खोज के लिए समय-सीमाएं निर्धारित करने के साथ-साथ इस संबंध में चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया और भविष्य की प्राथमिकताएं तय की गईं। बैठक में भारतीय भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) के डिप्टी डायरेक्टर जनरल (पंजाब, हिमाचल और हरियाणा), डायरेक्टर तथा खनन एवं भू-विज्ञान विभाग पंजाब से मुख्य इंजीनियर हरदीप सिंह मेहंदीरत्ता और सहायक भू-वैज्ञानिक पारस महाजन शामिल हुए।
बैठक में चल रहे खुदाई कार्यों की समीक्षा
बैठक में फील्ड सीजन 2025-26 के दौरान पूर्ण हुए खोज ब्लॉकों की स्थिति और चल रही ड्रिलिंग गतिविधियों की समीक्षा करने के साथ-साथ फील्ड सीजन 2026-27 के लिए प्रस्तावित खोज और प्रारंभिक खोज कार्यक्रमों का खाका तैयार किया गया। बैठक के दौरान विशेष रूप से पोटाश की बड़ी संभावना के रूप में पहचाने गए फाजिल्का और श्री मुक्तसर साहिब जिÞलों पर ध्यान केंद्रित किया गया, जहां पोटाश की बड़ी संभावनाओं की पहचान की गई है।
इन ब्लॉक में पूरी हो चुकी खुदाई
कैबिनेट मंत्री को जानकारी देते हुए जीएसआई के प्रतिनिधियों ने बताया कि कबरवाला ब्लॉक और शेरगढ़-दलमीरखेड़ा ब्लॉक में जी-4 चरण की खोज पूरी हो चुकी है और इस संबंध में भू-वैज्ञानिक मेमोरेंडम राज्य सरकार को सौंपे जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि राज्य की सहमति के बाद शेरगढ़-शेरावाला-रामसरा-दलमीरखेड़ा का संयुक्त ब्लॉक खनन मंत्रालय द्वारा छठे चरण में कम्पोजिट लाइसेंस की नीलामी के लिए रखा गया है, जिसके परिणामों की अभी प्रतीक्षा है।
उन्होंने यह भी बताया कि राजपुरा-राजावाली ब्लॉक और गिदड़ांवाली-अजीमगढ़ ब्लॉक में छह स्थानों पर ड्रिलिंग चल रही है, जिनमें से पांच स्थानों पर काम पूरा हो गया है और रासायनिक विश्लेषण के बाद अंतिम रिपोर्टें अप्रैल तक आने की उम्मीद है। आगामी फील्ड सीजन 2026-27 के लिए जी.एस.आई. ने फाजिल्का जिÞले के केरा-खेड़ा ब्लॉक और सईदवाला ब्लॉक में प्रस्तावित खोज सर्वेक्षण और कंधवाला-रामसरा ब्लॉक में प्रारंभिक खोजों का प्रस्ताव रखा है, जिसमें पंद्रह ड्रिलिंग साइटें शामिल हैं।
ये भी पढ़ें : Punjab News : प्रदेश के मुख्य बस टर्मिनल होंगे अपग्रेड : भुल्लर


