Punjab Breaking News : पंजाब को दहलाने की फिराक में थे आतंकी, पुलिस ने इस तरह किया बेनकाब, 9 काबू

0
31
पंजाब पुलिस की अमृतसर कमिश्नरेट ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए आईएसआई समर्थित आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है जो पंजाब में आतंकी कार्रवाईयों को अंजाम देने की फिराक में था।
Punjab Breaking News : पंजाब को दहलाने की फिराक में थे आतंकी, पुलिस ने इस तरह किया बेनकाब, 9 काबू
Punjab Breaking News : पंजाब को दहलाने की फिराक में थे आतंकी, पुलिस ने इस तरह किया बेनकाब, 9 काबू

पकड़े गए आरोपियों में 4 नाबालिग, हथियार बरामद

Punjab Breaking News (आज समाज), अमृतसर : अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में एक बार फिर से अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए एक ऐसे आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। जो पाकिस्तान समर्थित आईएसआई के सीधे संपर्क में था और पंजाब में बड़े स्तर पर आतंकी कार्रवाई को अंजाम देने की फिराक में था।

पुलिस ने इस मॉड्यूल के 9 सदस्यों को हथियारों सहित काबू किया है जिनमें से चार नाबालिग हैं। आरोपियों के कब्जे से 3 अवैध पिस्तौल, 9 जिंदा कारतूस और पेट्रोल से भरी 4 बोतलें, जिन्हें बम के रूप में इस्तेमाल किया जाना था बरामद की गई हैं।

विदेश में बैठे आतंकियों के कहने पर करते थे वारदात

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे आईएसआई हैंडलरों के संपर्क में थे और उनके निर्देश पर काम कर रहे थे। पुलिस के अनुसार इन युवकों को आतंकी गतिविधियों के लिए तैयार किया जा रहा था। उन्हें सुरक्षा प्रतिष्ठानों की रेकी करने, अवैध हथियार जुटाने और पंजाब में शांति एवं कानून व्यवस्था को प्रभावित करने जैसे कार्य सौंपे गए थे।

जांच के दौरान एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने रेलवे ट्रैक के पास निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए थे। इन कैमरों से रिकॉर्ड की गई फुटेज कथित तौर पर विदेशी आईएसआई हैंडलरों को भेजी जा रही थी, ताकि संवेदनशील गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

विस्तार से जानकारी जुटाने में लगी पुलिस

अमृतसर के मोहकमपुरा, एयरपोर्ट और सी-डिवीजन थाना में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है। साथ ही इसके आगे और पीछे जुड़े संपर्कों, फंडिंग के स्रोत व विदेश से मिलने वाली आर्थिक मदद की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि क्या गिरफ्तार आरोपी किसी अन्य आतंकी साजिश या घटना में भी शामिल रहे हैं। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि राज्य की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।