सोमवार को हुई हल्की बारिश से 3.9 डिग्री नीचे आया प्रदेश का पारा
Punjab Weather Update (आज समाज), चंडीगढ़ : मानसून के दोबारा एक्टिव होने से पंजाब के लोगों को राहत मिली है। पिछले कई दिन से गर्मी और उमस से जूझ रहे पंजाब निवासियों को सोमवार को हल्की बारिश ने राहत दी। पूरे प्रदेश में बारिश का सिलसिला चला और इससे तापमान में गिरावट आई।
तापमान में 3.9 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। वहीं दूसरी तरफ भारतीय मौसम विभाग की चंडीगढ़ शाखा द्वारा जारी किए गए बुलेटिन में प्रदेश के 14 जिलों में आज भारी बारिश का आॅरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इतना ही नहीं आने वाले तीन दिन भी प्रदेश में अच्छी बारिश की उम्मीद जताई जा रही है। मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए बुलेटिन से प्रदेश के धान उत्पादक किसानों ने राहत की सांस ली है। इससे जहां धान की सिंचाई में किसानों को भूमिगत जल पर कम निर्भर होना पड़ेगा वहीं धान का फुटाव ज्यादा होगा और बीमारियां आने की संभावना भी कम होगी।
आज इन जिलों में ओरेंज अलर्ट
प्रदेश के जिन 14 जिलों के लिए मौसम विभाग ने बारिश का आॅरेंज अलर्ट जारी किया है। उनमें पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला, मोहाली, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना और संगरूर शामिल हैं। वहीं 23 जुलाई को चार जिलों पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर और रूपनगर में भारी बारिश का अलर्ट है। पंजाब के बाकी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश पड़ने की संभावना है। इससे आने वाले दिनों में भी तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रहने से फिलहाल उमस भरी गर्मी से राहत बनी रहेगी।
सोमवार को इतनी हुई बारिश
मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक सोमवार को होशियारपुर में 13.0 एमएम, रूपनगर में 16.5 एमएम, पठानकोट में 9.0 एमएम, मोहाली में 10.0 एमएम की बारिश प्रमुख तौर से दर्ज की गई। खेतीबाड़ी माहिरों ने बारिश को धान की फसलों के लिए काफी फायदेमंद बताया है। माहिरों के मुताबिक बारिश का पानी महत्वपूर्ण पोषक तत्वों को जड़ों तक गहराई से ले जाता है। जिससे झाड़ अधिक रहने की संभावना बढ़ जाती है। साथ ही इससे सिंचाई के लिए भू-जल का इस्तेमाल कम होगा।
ये भी पढ़ें : Farmer Protest Live : हजारों की संख्या में शंभू बॉर्डर पहुंचे किसान, दिल्ली कूच पर अड़े


