Punjab Weather News : पंजाब में बारिश शुरू, 18 जिलों में तूफान का अलर्ट

0
359
Punjab Weather News : पंजाब में बारिश शुरू, 18 जिलों में तूफान का अलर्ट
Punjab Weather News : पंजाब में बारिश शुरू, 18 जिलों में तूफान का अलर्ट

पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते आया मौसम में बदलाव, फसलों को नुकसान पहुंचा सकता है तूफान

Punjab Weather News (आज समाज), चंडीगढ़ : पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते आज सुबह से ही पंजाब का मौसम खराब है। आसमान में बादल छाए हुए हैं और तेज हवाएं चल रही हैं। वहीं प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर शुरू हो चुका है और मौसम विभाग ने यह चेतावनी जारी की है कि प्रदेश के 18 जिलों में 40 से 50 किलोमीटर की गति से तूफानी हवाएं चल सकती हैं। पंजाब और चंडीगढ़ में आज मौसम बदल गया है। चंडीगढ़ के साथ मोहाली, लुधियाना और जालंधर में बारिश शुरू हो गई है। मोहाली में दिन में ही रात जैसी स्थिति बन गई है।

इन जिलों में तूफान का अलर्ट जारी

चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र ने गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का यलो अलर्ट जारी किया है। पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, मोगा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला, मोहाली (एसएएस नगर), मलेरकोटला में गरज-चमक के साथ तूफान आने की संभावना है।

चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल का कहना है कि आज कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 28, 31 जनवरी और 1 फरवरी को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उन्होंने कहा कि अगले 2 दिनों में न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इसके बाद अगले दो दिनों में तापमान 3 से 5 डिग्री तक गिरने की संभावना है। फिर इसके बाद तापमान में दोबारा 3 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।

पहाड़ों में बर्फबारी का दौर जारी

एक तरफ जहां पंजाब में बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मौजूदा पश्चिमी विक्षोभ के असर से पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और बारिश का दौर जारी रहेगा। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश की ऊंची चोटियों पर भारी बर्फबारी की उम्मीद है वहीं इन राज्यों के मैदानी हिस्सों में बारिश और हल्की बर्फबारी हो सकती है।

ये भी पढ़ें : Weather Update : पहाड़ों में बर्फबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त

  • TAGS
  • [post_tags]