कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में कई प्रमुख मार्ग बंद, हजारों पर्यटक फंसे
Weather Update (आज समाज), नई दिल्ली : जनवरी के अंतिम सप्ताह में मौसम पूरी तरह से परिवर्तनशील बना हुआ है। एक तरफ जहां दिसंबर में लोग अच्छी बारिश और बर्फबारी को तरसते रहे वहीं बारिश और बर्फबारी का यह दौर बीते सप्ताह उस समय शुरू हुआ जब एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ। इसके प्रभाव से जहां पहाड़ों में कई फीट बर्फ जम गई वहीं उत्तर भारत के मैदानी हिस्सों में भी जोरदार बारिश हुई।
जिससे सर्दी एक बार फिर से लौट आई और तापमान में कमी महसूस की गई। बर्फबारी होते ही हजारों पर्यटकों ने इसका लुत्फ उठाने के लिए पहाड़ों का रुख कर लिया लेकिन ज्यादा बर्फबारी होने से सड़कें अवरुद्ध हो गई और हजारों की संख्या में पर्यटक पहाड़ों में फंस गए।
हिमाचल में सबसे ज्यादा पर्यटक फंसे
बर्फबारी का लुत्फ उठाने के लिए उत्तर भारत में सबसे ज्यादा पंसद किए जाने वाले पहाड़ी पर्यटक स्थल हिमाचल प्रदेश है। यहां पर जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड से ज्यादा पर्यटक पहुंचते हैं। यही कारण है कि भारी बर्फबारी के चलते यहां पर हजारों की संख्या में पर्यटक फंसे हुए हैं। भारी बर्फबारी के कारण हिमाचल प्रदेश में तीन नेशनल हाईवे समेत कुल 835 सड़कें ट्रैफिक के लिए बंद रहीं। इस बीच, मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि एक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण मंगलवार से राज्य के ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी हो सकती है।
आज फिर से बिगड़ेगा मौसम
मौसम विभाग ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के ऊंचे पर्वतों पर भारी बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। वहीं इन राज्यों के निचले हिस्सों में बारिश के साथ हल्की बर्फबारी हो सकती है। वहीं बर्फबारी के बाद हिमाचल में पर्यटकों के लिए मुश्किल आन खड़ी हुई है। शिमला से लेकर मनाली तक सभी जगहों पर जाम जैसी स्थिति बनी हुई है। वायरल वीडियो में जाम में फंसी गाड़ियां और उन पर जमी बर्फ देखी जा सकती है। एक पर्यटक ने बताया कि ये गाड़ियां 24 घंटे से एक ही जगह पर खड़ी हैं। गाड़ियों के ऊपर बर्फ जम गई है। रास्ते पूरी तरह बर्फ से ढके हैं।


