पंजाब सरकार का अंतिम बजट प्रदेश की मां-बेटियों को समर्पित : चीमा
Punjab Budget Session (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब के वित्त मंत्री ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए प्रदेश का 2,60,437 करोड़ रुपए का बजट पेश किया। उन्होंने कहा कि ये बजट मां-बेटियों को समर्पित है। ज्ञात रहे कि पंजाब में अगले साल यानी 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में आप सरकार आखिरी बजट में 2022 में किए गए सभी वादे पूरे करेगी। बजट पेश करने से पहले वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने विधानसभा में अपने संबोधन में कहा कि इस बजट का नाम गारंटी पूरा करने वाला नाम रखता हूं। वित्तमंत्री चीमा ने कहा कि 2026-27 में शिक्षा के लिए 19279 करोड़ का बजट रखा गया है। जो पिछले साल के मुकाबले 7% ज्यादा है। बजट कॉपी पर फुलकारी वाला कवर चढ़ाया गया।
महिलाओं को जल्द मिलेंगे एक हजार प्रति माह
पंजाब में महिलाओं को जल्द ही हर महीने 1,000 रुपए मिलेंगे। इस बारे में कल सीएम ने कहा था कि आने वाले बजट में महिलाओं को वित्तीय स्वतंत्रता प्रदान करने के लिए यह प्रावधान किया गया है, ताकि उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों के लिए घर के मुखिया से पैसे न मांगने पड़ें। खेमकरण में 137 करोड़ रुपये के ग्रामीण लिंक सड़क प्रोजेक्ट का शिलान्या/स करने के बाद बोलते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार लोगों के सामने मौजूद वास्तविक मुद्दों जैसे नशा, गरीबी, महंगाई और बेरोजगारी को हल करने पर केंद्रित है, साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे और सार्वजनिक सेवाओं को मजबूत कर रही है।
बाढ़ के दौरान लोगों के काम की तारीफ की
वित्तमंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि आज वह ऐसे समय में बजट पेश कर रहे है। जब घोषणाएं नहीं, जबकि काम दिखता है। उन्होंने कहा कि बाढ़ में जैसे हमारे लोगों ने काम किया है। वह काबिले तारीफ रहा है। पंजाब के ट्रांसपोर्ट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने बताया कि जल्दी ही पंजाब में नई बसें आने वाली है। प्रत्येक हल्के में बसे लगाई जाएंगी। जिससे लोगों का सफर आसान होगा।
स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं को बढ़ाया
वित्तमंत्री चीमा ने कहा- 30 हजार सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं को बढ़ाया है। 99% स्कूलों में चारदीवारी है। 10 हजार से ज्यादा टॉयलेट बनाए हैं। कोई भी बच्चा फर्श पर बैठकर न पढ़े, इसके लिए व्यवस्था की है। 6200 क्लासरूमों का निर्माण किया है। इसके अलावा 4700 का नवीनीकरण किया है। इस साल 690 करोड़ रुपए रखे गए हैं।


