- दुनिया जंगल के कानून पर वापस नहीं जा सकती : वांग यी
US-Israel-Iran War, (आज समाज), बीजिंग: अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध के कारण पश्चिम एशिया में व्याप्त तनाव को लेकर चीन ने क्षेत्र में तुरंत शांति की मांग की है। विदेश मंत्री वांग यी ने राष्ट्रीय जनसमूह कांग्रेस के सत्र के दौरान वार्षिक उच्चस्तरीय ब्रीफिंग में ईरान पर अमेरिकी कार्रवाइयों की आलोचना और कहा कि शक्ति का मतलब हमेशा सही नहीं होता। सैन्य कार्रवाई तुरंत समाप्त होनी चाहिए और विश्व को जंगल के कानून पर लौटने की इजाजत नहीं मिलनी चाहिए।
ट्रंप-जिनपिंग के बीच संभावित मुलाकात से पहले टिप्पणियां
वांग यी की ये टिप्पणियां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच आगामी शिखर बैठक के दौरान होने वाली संभावित मुलाकात से पहले सामने आई हैं। ट्रंप और जिनपिंग के बीच बीजिंग में शिखर बैठक की योजना है। बता दें कि अमेरिका और चीन के बीच पिछले साल एक वर्षीय व्यापार समझौते के बाद द्विपक्षीय संबंध स्थिर रहे हैं, पर अमेरिकी राष्ट्रपति की टैरिफ नीतियों को सुप्रीम कोर्ट द्वारा चुनौती व मध्य पूर्व में जारी जंग ने अनिश्चितता पैदा की है। हालांकि इसके बावजूद वांग यी ने आगामी शिखर बैठक के प्रति आशावाद व्यक्त किया है।
अनावश्यक व्यवधान दूर करने का आह्वान किया
वांग यी ने दोनों पक्षों से जोखिम प्रबंधन के साथ ही अनावश्यक व्यवधान दूर करने को कहा। चीनी विदेश मंत्री के मुताबिक, आपसी ईमानदारी से, दोनों देशों को इस वर्ष यानी 2026 को चीन-यूएस रिश्तों के लिए स्थिर व सतत विकास का मील का पत्थर बनाने में कामयाबी मिलेगी। शिखर बैठक की तैयारी के मकसद से अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेन्ट, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर और चीनी उप-प्रधानमंत्री हे लिफेंग अगले हफ्ते पेरिस में मिल सकते हैं, ताकि नए समझौते का आधार बन सके, जिसमें व्यापारिक डील भी शामिल हो सकती हैं।
भारत- चीन के बीच सहयोग बढ़ाने का आह्वान
चीनी विदेश मंत्री ने भारत- चीन के बीच सहयोग बढ़ाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा, बीजिंग और नई दिल्ली को अगले दो वर्ष में ब्रिक्स की अध्यक्षता में एक-दूसरे का सुपोर्ट करना चाहिए। वांग यी ने यह भी कहा कि दोनों एशियाई महाशक्तियों का संयुक्त नेतृत्व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकासशील देशों के लिए स्थिरता तथा नई उम्मीदें ला सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि साथ मिलकर हम ग्लोबल साउथ में नई उम्मीद ला सकते हैं।
हम जंग जीत रहे : डोनाल्ड ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, जंग अपने आप में अविश्वसनीय रूप से चल रही है। हम जंग जीत रहे हैं। उन्होंने कहा, हमने उनके (ईरान) पूरे बुरे साम्राज्य को खत्म कर दिया है। मुझे यकीन है कि यह कुछ समय तक और चलेगा। ट्रंप ने यूएस आर्मी द्वारा हासिल की गई स्ट्रेटेजिक मिलिट्री बढ़त की एक डिटेल्ड लिस्ट दी, जिसमें कहा गया कि इस हमले ने ईरान की समुद्री और हवाई क्षमताओं को असरदार तरीके से खत्म कर दिया है।
ईरान के 44 जहाज खत्म किए, ज्यादातर मिसाइल खत्म कर दीं
ट्रंप ने कहा, हमने उनकी (ईरानी) नेवी, 44 जहाजों को खत्म कर दिया है। हमने उनकी एयर फोर्स, हर प्लेन को खत्म कर दिया है। उनकी ज्यादातर मिसाइलों को खत्म कर दिया है। पूर्व अनुमानित छह हफ्ते की समयरेखा के सवाल पर यूएस प्रेसिडेंट ने कहा, मैं कभी समय तय नहीं करता। उन्होंने कहा, ईरान की सेना लगभग अस्तित्वहीन है और हम चाहें तो उनको बहुत प्रभावित कर सकते हैं, पर यह अभी तय नहीं किया गया है।
ये भी पढ़ें : Axios Report On Iran War: ईरान के न्यूक स्टॉक पर कब्जा करने के लिए स्पेशल फोर्स भेज सकते हैं इजरायल और अमेरिका


