मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने विधानसभा में कहा, मेरी रसोई योजना से 40 लाख परिवारों को मिलेगा लाभ
Chandigarh Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पंजाब विधानसभा बजट सेशन में बहस में हिस्सा लेते हुए यह ऐलान किया है किमेरी रसोई योजना 40 लाख परिवारों, खासकर उनके बच्चों के लिए पौष्टिक भोजन सुनिश्चित करेगी। इस योजना के तहत परिवार को दो किलो चीनी, दो किलो दाल, एक लीटर सरसों का तेल, 200 ग्राम हल्दी और एक किलो नमक की किट दी जाएगी।
पंजाब पुलिस में 10,000 पद सृजित करने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और पंजाब पुलिस और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार अब तक लगभग 64,000 युवाओं को सरकारी नौकरियां दे चुकी है। उन्होंने कहा कि होशियारपुर में सरदार बहादुर अमीन चंद आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट बनकर तैयार हो चुका है और इस साल से इसमें दाखिले शुरू होंगे। इससे युवाओं को सेना में सेवा करने का अवसर मिलेगा।
विश्व स्तरीय विश्वविद्यालय स्थापित किया जा रहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरू तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित श्री आनंदपुर साहिब में श्री गुरु तेग बहादुर विश्व स्तरीय विश्वविद्यालय स्थापित किया जा रहा है, जो गुरु साहिब को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि गुरू रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को व्यापक स्तर पर मनाया जा रहा है, जिसके लिए बजट में 100 करोड़ रुपये रखे गए हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी पार्टियां उनके हर फैसले में खामियां निकालती हैं।
उन्होंने कहा कि पहले कहा जाता था कि मुफ्त बिजली नहीं दी जा सकती, लेकिन हमने यह वादा पूरा करके दिखाया। फिर कहा गया कि भगवंत सिंह मान एक साल भी मुख्यमंत्री नहीं रह पाएंगे, जबकि मैं चार साल से मुख्यमंत्री हूं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि वे विपक्ष को बता देना चाहते हैं कि वर्ष 2027 में भी वही मुख्यमंत्री बनेंगे।
पंजाब के कीमती संसाधनों पर कब्जा करना चाहते हैं पड़ौसी
पंजाब के मुद्दों पर अपना रुख दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पड़ोसी राज्य पंजाब को बड़ा भाई बताकर हमारे कीमती संसाधनों पर कब्जा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कभी हिमाचल बड़ा भाई कहकर चंडीगढ़ में हिस्सा मांगता है, पानी और रॉयल्टी मांगता है, और कभी हरियाणा एसवाईएल नहर की मांग करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके रुख के कारण पहली बार हरियाणा ने अपने बजट में एसवाईएल नहर के निर्माण के लिए फंड नहीं रखा।
सदन में विपक्ष की गैर-मौजूदगी पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष अपने क्षेत्रों के लोगों के मुद्दे उठाने के लिए कभी गंभीर नहीं रहा और वर्ष 2027 में राजनीतिक नक्शे से भी गायब नजर आएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गुटबाजी का शिकार है और कभी सत्ता में नहीं आ सकती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि उसकी पूरी हाईकमान एक इनोवा में बैठ सकती है। उन्होंने कहा कि पार्टी में कलह के कारण वे विधानसभा चुनाव बिना मुख्यमंत्री के चेहरे के लड़ना चाहते हैं।
ये भी पढ़ें : Punjab Budget Session Live : बजट पर चर्चा से भागा विपक्ष : मान


