पकड़े गए आरोपियों से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ व ड्रग मनी बरामद
Chandigarh Crime News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान युद्ध नशे विरुद्ध के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की। पुलिस ने टीमें बनाकर की कार्रवाई के दौरान प्रदेश भर से 105 नशा तस्कर काबू किए और उनके पास से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए। इस संबंधी विस्तृत जानकारी देते हुए प्रदेश पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि युद्ध नशों विरुद्ध अभियान के 437वें दिन पुलिस ने छापेमारी करते हुए 105 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया तथा उनके कब्जे से 847 ग्राम हेरोइन, 2 किलोग्राम गांजा, 46 किलोग्राम भुक्की, 392 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 1.28 लाख रुपए की ड्रग मनी बरामद की।
अब तक इतने नशा तस्कर गिरफ्तार हुए
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अभियान के शुरू होने से लेकर अब तक केवल 437 दिनों में गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों की संख्या बढ़कर 63,707 तक पहुंच गई है। नशा मुक्ति अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने आज 23 व्यक्तियों को नशा छुड़ाने और पुनर्वास उपचार के लिए भी प्रेरित किया।
प्रदेश में 516 जगह की छापेमारी
गैंगस्टरों के खिलाफ चलाई जा रही निर्णायक गैंगस्टरों ते वार मुहिम के 112वें दिन पंजाब पुलिस ने आज पूरे राज्य में गैंगस्टरों के सहयोगियों के चिन्हित और मैप किए गए 516 ठिकानों पर छापेमारी की। उल्लेखनीय है कि गैंगस्टरों ते वार पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के लिए छेड़ी गई एक निर्णायक लड़ाई है, जिसकी शुरूआत 20 जनवरी 2026 को पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने की थी। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें राज्यभर में विशेष अभियान चला रही हैं।
हथियारों सहित अपराधी चढ़े हत्थे
112वें दिन पुलिस टीमों ने 2 हथियारों सहित 213 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जिससे अभियान शुरू होने के बाद कुल गिरफ्तारियों की संख्या बढ़कर 28,551 हो गई है। इसके अलावा 66 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई, जबकि 28 व्यक्तियों को जांच और पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीमों ने 11 भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया। लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 के माध्यम से गोपनीय रूप से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों संबंधी जानकारी दे सकते हैं। तथा अपराध और आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी सूचनाएं भी साझा कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : पंजाब शिक्षा क्रांति का दिख रहा असर : मान


