Punjab News : दिसंबर में किया विरोध, जुलाई में की लागू, अब पंजाब को वीबी-जी रामजी योजना के तहत मिले 439.8 करोड़

0
156
Punjab News : दिसंबर में किया विरोध, जुलाई में की लागू, अब पंजाब को वीबी-जी रामजी योजना के तहत मिले 439.8 करोड़
Punjab News : दिसंबर में किया विरोध, जुलाई में की लागू, अब पंजाब को वीबी-जी रामजी योजना के तहत मिले 439.8 करोड़

केंद्र सरकार ने पंजाब के लिए कुल 1331.61 करोड़ रुपए किए हैं आवंटित

Punjab News (आज समाज), चंडीगढ़। कभी हां-कभी ना करते हुए पंजाब ने आखिरकार एक जुलाई 2026 में पूरे प्रदेश में नई विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (वीबी-जी राम जी) योजना लागू कर दी थी। ज्ञात रहे कि शुरुआत में पंजाब वह राज्य था जिसने इस योजना को लागू करने से इंकार कर दिया था।

विधानसभा में योजना के खिलाफ किया था प्रस्ताव पास

दिसंबर 2025 में पंजाब विधानसभा ने योजना के खिलाफ प्रस्ताव पारित कर इसे दलित विरोधी बताते हुए केंद्र से इसे वापस लेने और मनरेगा को उसके मूल स्वरूप में बहाल करने की मांग की थी। राज्य सरकार ने 60:40 के वित्तीय अनुपात पर भी आपत्ति जताते हुए इसे राज्यों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ बताया था। हालांकि, जुलाई 2026 में पंजाब सरकार ने अपना रुख बदलते हुए एक जुलाई से वीबी-जी राम जी को राज्य में लागू करने की अधिसूचना जारी कर दी। विपक्षी दल सरकार के इस फैसले को विधानसभा में लिए गए पुराने रुख से यू-टर्न बता रहे हैं।

अब केंद्र सरकार ने जारी की पहली किस्त

पंजाब में योजना लागू होने के बाद केंद्र सरकार ने 2026-27 के लिए राज्य को 1,331.61 करोड़ रुपये का केंद्रीय हिस्सा आवंटित किया है। इसमें से 439.8 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी भी कर दी गई है। यह जानकारी लोकसभा में केंद्र सरकार की ओर से दी गई। योजना एक जुलाई 2026 से पंजाब में लागू की गई है और यह वित्तीय वर्ष 31 मार्च 2027 तक चलेगा।

केंद्र 60 : 40 के अुनपात से देगा मदद

नई योजना के तहत केंद्र और राज्य के बीच खर्च का अनुपात 60:40 रखा गया है। ऐसे में केंद्र के 1,331.61 करोड़ रुपये के मुकाबले पंजाब सरकार को करीब 887.7 करोड़ रुपये अपने हिस्से से लगाने होंगे। दोनों हिस्सों को मिलाकर राज्य में योजना के तहत करीब 2,219 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध होने की संभावना है।

आगे की किस्तें कई मानकों पर निर्भर

केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि पहली किस्त के बाद आगे की राशि स्वत: जारी नहीं होगी। इसके लिए राज्य के स्वीकृत श्रम बजट, रोजगार की मांग, उपलब्ध राशि, पहले जारी फंड के उपयोग, लंबित देनदारियों, योजना के प्रदर्शन और जरूरी दस्तावेजों को आधार बनाया जाएगा। केंद्र ने राज्यों से पिछली वित्तीय वर्षों की लंबित देनदारियों के भुगतान के लिए भी प्रस्ताव भेजने को कहा है।

  • TAGS
  • [post_tags]