
विदेशी हैंडलर के इशारे पर काम कर रहा था पकड़ा गया नशा तस्कर : डीजीपी
Amritsar Crime News (आज समाज), अमृतसर : काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने सीमा पार से नशा तस्करी और संगठित अपराध को अंजाम देने वाले रैकेट के एक गुर्गे को 20 किलो हेरोइन सहित गिरफ्तार कर इस रैकेट का भंडाफोड़ किया है। यह जानकारी डायरेक्टर जनरल आॅफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान ओम शर्मा निवासी अमृतसर रोड, झबाल, तरनतारन के रूप में हुई है। हेरोइन की बड़ी खेप बरामद करने के अलावा पुलिस टीमों ने तस्करी की गतिविधियों के लिए इस्तेमाल की जा रही उसकी होंडा सिटी कार को भी जब्त किया है।
प्राथमिक पूछताछ में यह जानकारी आई सामने
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी सीमा पार के तस्करों से जुड़े एक विदेशी हैंडलर के इशारे पर काम कर रहा था। उन्होंने बताया कि आरोपी को सीमावर्ती क्षेत्र में हेरोइन की खेप प्राप्त करके पूरे पंजाब में आगे सप्लाई करने का काम सौंपा गया था। आॅपरेशन संबंधी विवरण साझा करते हुए उन्होंने बताया कि सीआई अमृतसर को पुख्ता सूचना मिली थी कि विदेशी हैंडलर के साथी नशा तस्करी में सक्रिय रूप से शामिल हैं और जिला अमृतसर के अजनाला सीमावर्ती क्षेत्र में अपने पाकिस्तानी साथियों द्वारा ड्रोन के माध्यम से भेजी गई हेरोइन की खेपें प्राप्त करके अपने एक अन्य साथी ओम शर्मा तक पहुंचाते हैं, जो उन खेपों को राज्य में आगे अन्य लोगों तक डिलीवरी करता है।
इस तरह पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी
जानकारी से यह भी पता चला है कि संदिग्ध ओम को हाल ही में हेरोइन की एक बड़ी खेप प्राप्त हुई है और वह इस खेप को आगे किसी अन्य पक्ष को डिलीवरी करने के लिए अमृतसर के फतेहगढ़ चूड़ियां रोड पर स्थित सोहियां कलां के क्षेत्र में आ रहा है।
उन्होंने कहा कि सूचना पर तेजी से कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने छापामारी की और सोहियां कलां में दाना मंडी के पास से ओम शर्मा को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से 20 किलो हेरोइन बरामद की। डीजीपी ने कहा कि इस मामले में आगे-पीछे के संबंध स्थापित किए जा रहे हैं और पूरे नेटवर्क की पहचान करने तथा पहले से उजागर किए जा चुके अन्य नशा तस्करी मॉड्यूलों से इस गिरोह के संभावित संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें : Punjab Congress : नहीं संभल रहे पंजाब कांग्रेस के हालात, चन्नी के बगावती सुर, पार्टी के संस्पेंड नेता के की मुलाकात

