कहा, दक्षिण भारत के उद्योगपति पंजाब में उद्योग स्थापित करने के लिए आतुर
Punjab Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़ : उत्तर भारत के राज्यों में पंजाब विशेषकर मोहाली पूरे देश के उद्यमियों के लिए इकाइयां सथापित करने के लिए आदर्श स्थान बन चुका है। यह न केवल उत्तर भारत बल्कि समूचे देशा में आईटी क्षेत्र का केंद्र बन चुका है। यह बात प्रदेश के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री संजीव अरोड़ा ने हैदराबाद व चेन्नई में उद्योग वार्ताओं के तहत कही। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब अपनी औद्योगिक नीतियों के चलते न केवल देश बल्कि विदेशी निवेशकों का भी ध्यान आकर्षित कर रहा है।
पंजाब सरकार ने हैदराबाद और चेन्नई में अपने उच्च-स्तरीय निवेश एवं उद्योग संवादों की श्रृंखला को सफलतापूर्वक संपन्न किया, जिसके परिणामस्वरूप दक्षिण भारतीय उद्योगों में प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर समिट 2026 के प्रति उल्लेखनीय उत्साह देखने को मिला। इस वार्ताओं में संजीव अरोड़ा के साथ उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, पंजाब डेवलपमेंट कमीशन और इन्वेस्ट पंजाब के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान मोबिलिटी, एयरोस्पेस, रक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी, फूड प्रोसेसिंग, हेल्थकेयर, पर्यटन और इंजीनियरिंग सेवाओं सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों को कवर किया गया।
रामकी समूह के संस्थापक से की मुलाकात
अरोड़ा ने राज्यसभा सांसद और रामकी समूह के संस्थापक अल्ला अयोध्या रामी रेड्डी से मुलाकात कर अवसंरचना और विनिर्माण क्षेत्र में बड़े स्तर पर सहभागिता की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया। प्रतिनिधिमंडल ने ब्रहमोस एयरोस्पेस का भी दौरा किया, जहां भारत के उभरते एयरोस्पेस इकोसिस्टम में भागीदारी पर चर्चा की गई। इसके साथ ही सिंधु हॉस्पिटल (हेटरो ग्रुप द्वारा स्थापित) के दौरे में उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं, डायग्नोस्टिक्स और मेडिकल टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में सहयोग के अवसरों का मूल्यांकन किया गया।
चेन्नई में भी सफल रही वार्ता
चेन्नई रोडशो के दौरान भी उद्योग जगत ने समान उत्साह प्रदर्शित किया। प्रतिनिधिमंडल ने चेन्नई की प्रमुख कंपनियों के नेतृत्व से भेंट कर खाद्य प्रसंस्करण, क्लीन मोबिलिटी, इंजीनियरिंग डिजाइन, डिजिटल परिवर्तन और स्वास्थ्य सेवाओं जैसे क्षेत्रों में संभावित सहयोग पर चर्चा की। मुरुगप्पा समूह के साथ हुई बैठक विशेष रूप से उल्लेखनीय रही, जिसमें समूह के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने पंजाब में अपने सुदृढ़ कार्यबल आधार, राज्य की पारदर्शी शासन प्रणाली और त्वरित सुविधा मॉडल की सराहना की तथा इलेक्ट्रिक मोबिलिटी सहित अन्य क्षेत्रों में विस्तार की संभावनाएँ व्यक्त कीं। कई कंपनियों ने मोहाली, लुधियाना और राजपुरा में अवसरों का अध्ययन करने में रुचि जताई।
ये भी पढ़ें : Chandigarh Crime News : 13.7 किलो हेरोइन सहित नशा तस्कर गिरफ्तार


