कहा, जापान आधारित औद्योगिक प्रमुखों ने पंजाब को व्यापार के लिए बेहतरीन राज्य बताया
Chandigarh Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़/एसएएस नगर : प्रदेश के रोजगार सृजन, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण मंत्री तथा आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने कहा है कि पंजाब उभरते क्षेत्रों जैसे कि इंटीग्रेटेड ईवी और आॅटोमोटिव मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम, कृषि मशीनीकरण और स्मार्ट कृषि तकनीक जैसे क्षेत्रों में समाधान विकसित करने के लिए जापानी साझेदारी को और मजबूत करने का इच्छुक है।
उन्होंने कहा कि जापान भारत का एक भरोसेमंद विकास साझेदार रहा है और जापानी कंपनियों ने बुनियादी ढांचे, अत्याधुनिक निर्माण और मोबिलिटी क्षेत्रों में आधुनिक औद्योगिक क्षमताओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वे प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्मेलन के पहले दिन आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान अरोड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि जापान आधारित औद्योगिक प्रमुखों ने पंजाब को व्यापार के लिए बेहतरीन राज्य बताया।
उद्योग के लिए पंजाब बेहतरीन गंतव्य
राज्य में औद्योगिक गतिविधियों में तेजी का उल्लेख करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब के पास मजबूत निर्माण आधार, अत्यधिक कुशल कर्मचारी और उत्तरी भारत के प्रमुख बाजारों से रणनीतिक संपर्क है, जो इसे वैश्विक स्तर के भागीदारों के लिए आकर्षण का केंद्र बनाता है। उन्होंने कहा कि कृषि मशीनरी, आॅटोमोटिव सामग्री और औद्योगिक कोटिंग्स जैसे क्षेत्रों में जापानी कंपनियों की सफल उपस्थिति भारत-जापान औद्योगिक सहयोग की मजबूती को दर्शाती है।
कौशल विकास पर सरकार का फोकस
टिकाऊ विकास पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बायोमास के उपयोग, नवीकरणीय ऊर्जा और सर्कुलर अर्थव्यवस्था के तहत विभिन्न पहलों को प्रोत्साहित कर रही है। इसके साथ ही लगातार सुधारों और उच्च गुणवत्ता प्रबंधन के माध्यम से कौशल विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि पंजाब की औद्योगिक ताकत और जापान की तकनीकी विशेषज्ञता का मेल दीर्घकालिक निर्माण और नवीनता आधारित साझेदारी को मजबूत करेगा, जिससे टिकाऊ विकास, वैश्विक प्रतिस्पर्धा और साझा समृद्धि को बढ़ावा मिलेगा।
उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के प्रशासनिक सचिव गुरकीरत कृपाल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पंजाब ने हाल ही में एक महत्वपूर्ण औद्योगिक नीति जारी की है, जिसमें 24 प्राथमिकता वाले क्षेत्रों की पहचान कर उन्हें बढ़ावा देने के लिए प्रमुख उद्योगपतियों की अगुवाई में कमेटिया गठित की गई हैं।
ये भी पढ़ें : Amit Shah Punjab Visit : भाजपा का पंजाब में मिशन बदलाव आज से शुरू


