मोगा में गृह मंत्री अमित शाह भरेंगे हुंकार, भाजपा का टारगेट 2027 विधानसभा चुनाव
Amit Shah Punjab Visit (आज समाज), मोगा : भारतीय जनता पार्टी पंजाब में पहली बार सत्ता में आने के लिए संघर्ष कर रही है। केंद्र में सत्तासीन होने के बावजूद भाजपा का अभी तक मिशन पंजाब पूरा नहीं हो पाया है। लाख प्रयास के बावजूद भाजपा अपने दम पर पंजाब में मजबूत स्थिति में नहीं आ पाई है। हालांकि शिअद-भाजपा गठबंधन के दौरान जरूर भाजपा के खाते में प्रदेश से कुछ सीट आ जाती थी लेकिन जब से इन दोनों का गठबंधन टूटा है तब से भाजपा के लिए पंजाब में अपनी पकड़ बनाए रखना मुश्किल हो गया है। हालांकि विधानसभा चुनाव 2022 में भाजपा का वोट प्रतिशत जरूर बढ़ा था। जिसे 2027 में भाजपा और भी मजबूत बनाने की कोशिश में है।
आज मोगा से शुरू होगा भाजपा का नया सफर
विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भारतीय जनता पार्टी की आज मोगा के किल्ली चहलां गांव में बदलाव रैली होने जा रही है। आज बदलाव रैली में देश के गृहमंत्री अमित शाह शामिल होंगे और पंजाब में भाजपा का चुनावी बिगुल फूंकेंगे। भारतीय जनता पार्टी ने किल्ली चहलां में 115 एकड़ एरिया में रैली की व्यवस्था की है। जिसमें से 85 एकड़ में टैंट की व्यवस्था की गई है जहां पर लोग केंद्रीय मंत्री अमित शाह को सुनने के लिए बैठेंगे।
दोपहर करीब 12 बजे पहुंचेंगे अमित शाह
भाजपा नेताओं के मुताबिक केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इस रैली को संबोधित करने के लिए दोपहर 12 से 1 बजे के बीच मोगा पहुंचेंगे और वो करीब एक घंटे तक भाषण देंगे। अमित शाह अपने भाषण के जरिए भाजपा कार्यकतार्ओं को 2027 में सरकार बनाने का मंत्र भी देंगे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर मोगा पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। रैली स्थल के अंदर से लेकर बाहर तक करीब 1000 सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है।
वहीं दूसरी तरफ केंद्रीय एजेंसियां भी सुरक्षा को लेकर पैनी नजर बनाए हुए हैं। मोगा जिला पुलिस ने यातायात को सुचारू, सुरक्षित और निर्बाध बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए हैं। ट्रैफिक एजुकेशन सेल के प्रभारी ने बताया कि लोगों की सुविधा के लिए विभिन्न दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। इसका उद्देश्य किसी भी प्रकार की परेशानी से बचना है।
ये भी पढ़ें : America Attack on Kharg Island : अमेरिका ने ईरान के खार्ग द्वीप पर की बमबारी


