Punjab News: पंजाब में गुलजार सिंह की मौत पर बवाल, सरपंच समेत 5 लोगों पर FIR, 2 आरोपी गिरफ्तार

0
110
gulzar singh death punjab, Punjab drug issue Gulzar Singh case, Gulzar Singh death case latest news, Punjab police FIR against five accused, Sangrur Gulzar Singh death case, Harpal Cheema news, गुलजार सिंह केस, पंजाब ड्रग्स मामला, संगरूर पुलिस FIR, हरपाल चीमा
गुलजार सिंह ने अपनी मौत से पहले एक वीडियो बनाकर पंजाब के मंत्री और सरपंच पर गंभीर आरोप लगाए थे।

Gulzar Singh Death Case: पंजाब के संगरूर जिले में गुलजार सिंह की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मंत्री हरपाल सिंह चीमा के सामने गांव में खुलेआम ड्रग्स बिकने का मुद्दा उठाने के बाद गुलजार सिंह ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि गुलजार सिंह पर लगातार मंत्री से माफी मांगने का दबाव बनाया जा रहा था, जिससे परेशान होकर उन्होंने अपनी जान दे दी। मौत से पहले गुलजार सिंह ने एक वीडियो भी बनाया था, जिसमें उन्होंने मंत्री और सरपंच पर गंभीर आरोप लगाए थे। अब इस मामले में दिर्बा थाना पुलिस ने सरपंच समेत पांच लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस ने महिला सरपंच और उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन आरोपी फरार हैं।

मंत्री के सामने उठाया था ड्रग्स का मुद्दा

गुलजार सिंह संगरूर के तुर बंजारा गांव के रहने वाले थे। कुछ दिन पहले पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा गांव में एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। इसी दौरान गुलजार ने गांव में खुलेआम बिक रहे नशे का मुद्दा मंत्री के सामने उठाया था। गुलजार ने कहा था कि उनके बेटे को भी चिट्टा लग चुका है और गांव में नशा आसानी से मिल रहा है। उन्होंने सरकार से इस पर कार्रवाई करने की मांग की थी। इस घटना का वीडियो भी सामने आया था। गुलजार के परिवार ने आरोप लगाया कि मंत्री के कार्यक्रम के बाद कुछ स्थानीय लोग उनके घर पहुंचे। गुलजार पर मंत्री के सामने की गई बात को लेकर माफी मांगने का दबाव बनाया गया। इसके बाद उन्हें पंचायत के सामने भी बुलाया गया और अपमानित किया गया। इसके बाद गुलजार ने जहरीला पदार्थ खा लिया था।

अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत

जहरीला पदार्थ खाने के बाद गुलजार की हालत बिगड़ गई। उन्हें पहले दिर्बा के अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद उन्हें संगरूर और फिर पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया। बाद में उन्हें लुधियाना के दयानंद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) रेफर किया गया। इलाज के दौरान 7 सितंबर की रात उनकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसा गुलजार ने अपनी मौत से पहले कुछ लोगों के नाम लिए थे। उनके बेटे की शिकायत के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार इस मामले में 2 लोगों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है।

FIR में मंत्री हरपाल चीमा का नाम नहीं

इस मामले में एक अहम बात यह है कि वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा का नाम FIR में नहीं है। गुलजार ने मंत्री के कार्यक्रम में ड्रग्स को लेकर सवाल उठाया था। इसके बाद परिवार और विपक्षी दलों की ओर से मंत्री को लेकर भी सवाल उठाए गए। विपक्षी दलों ने FIR में मंत्री का नाम शामिल करने की मांग की है। इस मामले पर कांग्रेस ने चंडीगढ़ में मंगलवार को विरोध-प्रदर्शन भी किया था। इधर हरपाल चीमा ने भी घटना पर दुख जताते हुए कहा कि गुलजार ने उनसे सवाल किया था और उन्होंने उसकी बात सुनी थी और कार्रवाई का भरोसा दिया था।

पहले भी सामने आया था नशे का मुद्दा

गुलजार सिंह की मौत ऐसे समय हुई है जब संगरूर में नशे को लेकर सरकार के खिलाफ लगातार सवाल उठ रहे हैं। कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान के एक कार्यक्रम में मोहंजीत सिंह ने ड्रग्स के मुद्दे पर विरोध किया था। इस मामले को लेकर भी विपक्ष ने सरकार पर सवाल उठाए थे। अब गुलजार सिंह की मौत के बाद पंजाब में ड्रग्स का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है। कांग्रेस, बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल ने सरकार पर निशाना साधा है। वहीं, आम आदमी पार्टी ने कहा है कि मामले की जांच हो रही है और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

  • TAGS
  • [post_tags]