युद्ध नशों विरुद्ध अभियान के 328वें दिन पंजाब पुलिस ने 387 जगह की छापेमारी, आरोपियों से 120 किलोग्राम भुक्की, 1184 नशीली गोलियां/कैप्सूल तथा 7400 रुपये की ड्रग मनी बरामद
Chandigarh Crime News (आज समाज), चंडीगढ़ : राज्य में शुरू किए गए विशेष अभियान युद्ध नशों विरुद्ध के 328वें दिन पंजाब पुलिस ने 387 स्थानों पर छापेमारी की। इसके परिणामस्वरूप राज्य भर में 96 एफआईआर दर्ज कर 170 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही 328 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 46,381 हो गई है। इन छापेमारियों के दौरान गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों के कब्जे से 485 ग्राम हेरोइन, 120 किलोग्राम भुक्की, 1184 नशीली गोलियां/कैप्सूल तथा 7400 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है।
एक हजार से अधिक जवानों ने की छापेमारी
इस अभियान के दौरान 73 गजेटेड अधिकारियों की निगरानी में 1000 से अधिक पुलिस कर्मियों वाली 120 से अधिक पुलिस टीमों ने राज्य भर में 387 स्थानों पर छापेमारी की। दिन भर चले इस आॅपरेशन के दौरान पुलिस टीमों ने 409 संदिग्ध व्यक्तियों की जांच भी की। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिस आयुक्तों, उपायुक्तों और एसएसपी को पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के निर्देश दिए हैं।
पंजाब सरकार द्वारा नशों के खिलाफ युद्ध की निगरानी के लिए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अध्यक्षता में 5 सदस्यीय कैबिनेट सब-कमेटी का भी गठन किया गया है। गौरतलब है कि पंजाब सरकार ने राज्य से नशों के उन्मूलन के लिए तीन-स्तरीय रणनीति—इन्फोर्समेंट, डी-एडिक्शन और प्रिवेंशन (ईडीपी)—लागू की है। इस रणनीति के तहत पंजाब पुलिस ने आज 47 व्यक्तियों को नशा छोड़ने और पुनर्वास उपचार लेने के लिए सहमत किया है।
पंजाब पुलिस का आॅपरेशन प्रहार जारी
गैंगस्टरों पर वार के चौथे दिन, पंजाब पुलिस ने शुक्रवार को राज्य भर के उप-शहरी क्षेत्रों तथा शहरों और कस्बों के बाहरी इलाकों में स्थित कॉलोनियों में रहने वाले किरायेदारों की पहचान और पृष्ठभूमि सत्यापन के लिए राज्य-स्तरीय अभियान चलाया। यह कार्रवाई 72 घंटे के आपरेशन प्रहार , जिसे मंगलवार को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने गैंगस्टरों पर वार अभियान के तहत शुरू किया था, के पूरा होने के बाद अमल में लाई गई। आॅपरेशन प्रहार के तहत 12,000 पुलिस कर्मियों वाली 2000 से अधिक पुलिस टीमों को पूरे पंजाब में 60 विदेशी गैंगस्टरों के सहयोगियों के चिन्हित और मैप किए गए ठिकानों पर छापेमारी के लिए तैनात किया गया था।
स्पेशल डीजीपी कानून एवं व्यवस्था अर्पित शुक्ला ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य आम जनता में सुरक्षा की भावना पैदा करना और समाज विरोधी तत्वों में भय उत्पन्न करने के लिए क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाना था। यह कार्रवाई राज्य के सभी 28 पुलिस जिलों में एक साथ चलाई गई और सीपी/एसएसपी को भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ इस अभियान की योजना बनाने के निर्देश दिए गए थे।


