पंजाब पुलिस के अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान जारी
Punjab Crime News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब को नशा व अपराध मुक्त करने के उद्देश्य से पंजाब पुलिस के विशेष अभियान लगातार जारी हैं। यह विशेष अभियान सीएम भगवंत सिंह मान के निर्देश और डीजीपी गौरव यादव के आदेश पर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों में युद्ध नशे विरुद्ध अभियान एक मार्च 2025 से जारी है जबकि अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ 20 जनवरी से आॅपरेशन प्रहार के रूप में अभियान चलाया जा रहा है।
युद्ध नशे विरुद्ध अभियान को जारी रखते हुए पंजाब पुलिस ने 353वें दिन 84 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 2.1 किलोग्राम हेरोइन, 92 किलोग्राम भुक्की, 720 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 11,400 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। इसके साथ, मात्र 353 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 49,974 हो गई है। नशा छुड़ाने की मुहिम के हिस्से के रूप में पंजाब पुलिस ने आज 55 व्यक्तियों को नशा छुड़ाने और पुनर्वास के इलाज के लिए राजी किया है।
ऑपरेशन प्रहार के तहत 156 गिरफ्तार
दूसरी तरफ पंजाब पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार मुहिम के 28वें दिन 156 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से चार हथियार बरामद किए, जिससे मुहिम की शुरूआत से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 9,782 तक पहुंच गई है। इसके अलावा 88 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियातन कार्रवाई की गई है, जबकि 190 व्यक्तियों को जांच और पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। पुलिस टीमों ने कार्रवाई के दौरान चार भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है।
टोल फ्री नंबर पर दे सूचना
इस मुहिम का विवरण साझा करते हुए स्पेशल डीजीपी ने कहा कि लोग गुप्त रूप से वांछित अपराधियों/गैंगस्टरों के बारे में एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर-93946-93946 के माध्यम से रिपोर्ट कर सकते हैं और किसी भी प्रकार के अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों के बारे में सूचना/जानकारी भी साझा की जा सकती है।
ये भी पढ़ें : Chandigarh Breaking News : मोगा रैली से नशों के विरुद्ध ‘जंग’ का दूसरा पड़ाव शुरू : धालीवाल


