अमेरिका में ट्रक चलाने वाले भारतीयों की नौकरी पर संकट ! रद्द हो सकता है लाइसेंस, क्या है ट्रंप की नई पॉलिसी?

0
138
Trump trucking policy, US commercial driving license rules, Indian truck drivers in USA, US trucking industry update, CDL policy for veterans, impact on Punjabi drivers, डोनाल्ड ट्रंप की नई ट्रकिंग नीति, भारतीय ट्रक ड्राइवर, अमेरिकी CDL नियम, पंजाबी ड्राइवर्स की नौकरी पर खतरा
डोनाल्ड ट्रंप ने यूएस में नई ट्रकिंग पॉलिसी का ऐलान किया है, जिससे भारतीय ड्राइवर्स की नौकरी पर संकट मंडरा रहा है।

Trump Announces Trucking Reform: अमेरिका में भारतीय मूल के ट्रक डाइवर्स की भरमार है। यहां ट्रक चलाने के लिए अच्छे पैसे मिलते हैं और यही वजह है कि पंजाब से बड़ी संख्या में लोग यूएस जाकर ट्रक चलाने लगते हैं। हालांकि यूएस के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक नई नीति बनाने का ऐलान किया है, जिससे ट्रकिंग इंडस्ट्री से जुड़े लाखों प्रवासी ड्राइवरों के लिए आने वाले दिन चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। ट्रंप ने ट्रकिंग सेक्टर को लेकर नई नीति का संकेत देते हुए कहा है कि उनकी सरकार अवैध रूप से काम कर रहे ट्रक ड्राइवरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। साथ ही अमेरिकी सेना के पूर्व सैनिकों को ट्रकिंग उद्योग में प्राथमिकता देने के लिए उन्हें कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस (CDL) हासिल करने की प्रक्रिया आसान बनाई जाएगी। इस फैसले का असर भारतीय मूल के बड़ी संख्या में ट्रक ड्राइवरों, खासकर पंजाबी समुदाय पर भी बुरी तरह पड़ सकता है।

पूर्व सैनिकों को मिलेगा ऑटोमैटिक CDL लाइसेंस

एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सेना में भारी वाहन चला चुके पूर्व सैनिकों को अब ऑटोमैटिक कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस (CDL) उपलब्ध कराया जाएगा। उनका कहना है कि सेना में पहले से बड़े और भारी वाहनों का अनुभव रखने वाले सैनिकों को दोबारा लंबी लाइसेंस प्रक्रिया से गुजरने की जरूरत नहीं होनी चाहिए। इस कदम का उद्देश्य पूर्व सैनिकों को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना और ट्रकिंग उद्योग में उनकी भागीदारी बढ़ाना है।

अवैध प्रवासी ड्राइवरों पर सख्ती का ऐलान

ट्रंप ने अपने संबोधन में कहा कि उनकी सरकार उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेगी, जो बिना वैध अनुमति के अमेरिकी सड़कों पर कमर्शियल ट्रक चला रहे हैं। उन्होंने पेनसिल्वेनिया के एक स्टेट ट्रूपर की मौत से जुड़े मामले का जिक्र करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। इसी के तहत ट्रकिंग सेक्टर में नियमों को और सख्ती से लागू किया जाएगा तथा गैर-अधिकृत ड्राइवरों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

भारतीय मूल के ड्राइवरों पर पड़ सकता है असर

जानकारों के अनुसार अमेरिका के ट्रकिंग उद्योग में भारतीय मूल के लगभग 1.3 लाख से 1.5 लाख ड्राइवर कार्यरत हैं। इनमें बड़ी संख्या पंजाब और हरियाणा से जुड़े पंजाबी सिख समुदाय की है। अगर ट्रंप प्रशासन ट्रकिंग सेक्टर में सख्ती बढ़ाता है और लाइसेंस संबंधी नियमों को और कठोर बनाता है, तो इसका असर उन ड्राइवरों पर पड़ सकता है, जो नई पात्रता शर्तों को पूरा नहीं कर पाएंगे या जिनके दस्तावेज नियमों के अनुरूप नहीं होंगे।

पहले से लागू हैं कई सख्त नियम

ट्रंप प्रशासन पहले ही ट्रक ड्राइवरों के लिए अंग्रेजी भाषा की दक्षता, कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस (CDL) के कड़े मानकों और गैर-अधिकृत ड्राइवरों के खिलाफ कार्रवाई को प्राथमिकता दे चुका है। ऐसे में उद्योग से जुड़े कई लोगों को लाइसेंस रद्द होने या रोजगार प्रभावित होने की आशंका है। अगर यह सख्ती आगे भी जारी रहती है, तो इसका असर भारत और विशेषकर पंजाब के उन हजारों परिवारों पर भी पड़ सकता है, जिनकी आय अमेरिका में काम कर रहे परिजनों द्वारा भेजी जाने वाली रेमिटेंस पर निर्भर करती है।

  • TAGS
  • [post_tags]