Punjab Crime News : पंजाब में भ्रष्टाचारियों पर वार, एएसआई और एसएचओ का रीडर एक लाख रिश्वत लेते गिरफ्तार

0
132
Punjab Crime News : पंजाब में भ्रष्टाचारियों पर वार, एएसआई और एसएचओ का रीडर एक लाख रिश्वत लेते गिरफ्तार
Punjab Crime News : पंजाब में भ्रष्टाचारियों पर वार, एएसआई और एसएचओ का रीडर एक लाख रिश्वत लेते गिरफ्तार

पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने दिया कार्रवाई को अंजाम, आरोपी को गिरफ्तार न करने की एवज में मांग रहा था रिश्वत

Punjab Crime News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब को पूरी तरह से भ्रष्टाचार मुक्त करने के लिए पंजाब सरकार ने जीरो टॉलरेंस पॉलिसी जारी की हुई है। इसके साथ ही भ्रष्टाचारियों पर नकेल कसने और उचित कार्रवाई करने के लिए पंजाब विजिलेंस विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत विजिलेंस की टीम ने सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) सतरूप सिंह तथा थाना साइबर क्राइम, बठिंडा के एसएचओ के रीडर को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ काबू किया है।

इस शिकायत के आधार पर की कार्रवाई

इस संबंध में जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता के पुत्र के विरुद्ध थाना साइबर क्राइम, बठिंडा में एक मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में आरोपी एएसआई सतरूप सिंह तथा एसएचओ के रीडर गुरचरन सिंह ने शिकायतकर्ता से उसके पुत्र को गिरफ्तार न करने, उसकी जमानत करवाने में सहायता करने तथा दूसरी पार्टी के साथ समझौता करवाने के एवज में 1,00,000 रुपये की रिश्वत की मांग की।

दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में पकड़े आरोपी

गैर-कानूनी रिश्वत देने से इनकार करते हुए शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो की फ्लाइंग स्क्वाड-1, एसएएस नगर से संपर्क किया। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने दो सरकारी गवाहों की उपस्थिति में शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए दोनों आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में विजिलेंस ब्यूरो थाना, एसएएस नगर में दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की आगे की जांच जारी है।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि भ्रष्टाचारियों के खिलाफ यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा। इसके साथ ही उन्होंने आम लोगों से अपील की कि यदि कोई भी सरकारी अथवा प्राइवेट कर्मचारी किसी भी व्यक्ति से रिश्वत मांगता है तो उसकी शिकायत विजिलेंस हेल्पलाइन पर कर सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि शिकायत कर्ता की पहचान जब तक वह चाहे गुप्त रखी जाएगी।

  • TAGS
  • [post_tags]